LPG Cylinder Theft Case: छावनी थाना क्षेत्र में वाहन समेत 36 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर कुल 25 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। इसके साथ ही चोरी में इस्तेमाल किए गए महिन्द्रा मैक्सेमो प्लस वाहन को भी जब्त किया गया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपए बताई जा रही है। मामला 18 सितंबर का है। ग्राम कुटेला भाठा निवासी घनश्याम कुर्रे ने 19 सितंबर को छावनी थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
उन्होंने पुलिस को बताया कि 18 सितंबर को साक्षरता चौक, कैम्प-01 भिलाई में रायपुर-दुर्ग सर्विस रोड के पास देशी शराब भट्ठी के नजदीक महिन्द्रा मैक्सेमो प्लस वाहन (CG07CA8090) खड़ा था। वाहन में इंडेन कंपनी के 36 भरे हुए घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर रखे हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर वाहन से सभी सिलेंडर चोरी कर ले गए। शिकायत मिलने के बाद छावनी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 647/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 303(2) के तहत जांच शुरू की।
पूछताछ में सामने आई चोरी की पूरी साजिश
पुलिस ने घटना स्थल के आसपास मिले साक्ष्यों और लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मुख्य आरोपी प्रमोद देवांगन के बारे में जानकारी मिली। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, प्रमोद ने बताया कि चोरी किए गए 36 सिलेंडरों में से 16 सिलेंडर जामुल क्षेत्र में अहिवारा रोड स्थित जय अंबे शोरूम के पीछे छिपाकर रखे गए थे। वहीं, बाकी सिलेंडरों को उसने अलग-अलग लोगों को करीब 2 हजार रुपए प्रति सिलेंडर के हिसाब से बेच दिया था।
आरोपियों की निशानदेही पर बरामद हुए सिलेंडर
मुख्य आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अन्य आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 20 घरेलू एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए। इसके अलावा प्रमोद देवांगन की निशानदेही पर बैकुण्ठ धाम दशहरा मैदान के पास से चोरी में इस्तेमाल महिन्द्रा मैक्सेमो प्लस वाहन और 5 अन्य गैस सिलेंडर भी जब्त किए गए। पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल 25 सिलेंडर बरामद किए हैं। चोरी के बाकी सिलेंडरों की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।8 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
इस मामले में पुलिस ने प्रमोद देवांगन के अलावा सुरेन्द्र कुशवाहा, ओमप्रकाश वर्मा, गोपीचंद यादव, बुद्धसेन कुमार साहू, लता वर्मा, उर्वशी पटेल और तुकेश्वरी साहू को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दुर्ग न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी के बाद आरोपियों ने सिलेंडरों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाया और कुछ सिलेंडर कम कीमत में बेच दिए। फिलहाल पुलिस अन्य संभावित खरीदारों और चोरी में शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

