Mahasamund Ball Badminton Team: 26वीं सब-जूनियर एवं सीनियर राज्य स्तरीय बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता में महासमुंद जिले की बालक और बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया है। प्रतियोगिता का आयोजन 1 से 6 सितंबर 2026 तक भिलाई सेक्टर-4 स्थित बॉल बैडमिंटन ग्राउंड, जिला दुर्ग में किया गया था।
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों की कुल 36 टीमों ने हिस्सा लिया। महासमुंद जिले की ओर से सब-जूनियर और सीनियर वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
बालक-बालिका टीम का शानदार प्रदर्शन
सब-जूनियर बालक वर्ग में महासमुंद की टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की टीम को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं बालिका टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए दुर्ग की टीम को मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। हालांकि सेमीफाइनल मुकाबलों में हार के बाद दोनों टीमों को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। दोनों वर्गों में जिले की टीमों का यह प्रदर्शन खिलाड़ियों की मेहनत और खेल प्रतिभा को दर्शाता है।
टीम में शामिल रहे खिलाड़ी
सब-जूनियर बालक टीम में सागर चंद्राकर, भूपेंद्र पटेल, चिरंजीव साहू, चिरंजीव, सुमित, तारेन्द, टिकेश्वर, झम्मन, टीकम साहू, उज्जवल, सानिध्य, दिव्यम जैन, मौलिक, गीतांक, जिनेश और शब्द शर्मा शामिल रहे। वहीं बालिका टीम में गीतांजलि साहू, आकांक्षा, भूमि ध्रुव, टिकेश्वरी, अवनि, लालिमा, लिली, भूमिका, पायल यादव और भूमि ने जिले का प्रतिनिधित्व किया।
खिलाड़ियों को मिली बधाई
महासमुंद की दोनों टीमों के तीसरा स्थान प्राप्त करने पर भारत स्काउट एंड गाइड के जिलाध्यक्ष येतराम साहू, थान सिंह दीवान, आनंद साहू, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, अंकित जैन, तन्मय लुनिया, तारिणी चंद्राकर, राहुल चंद्राकर, प्राचार्य एसएल पाटकर, लखनु निर्मलकर, रविकांत चंद्राकर, डॉ. सेवन दास मानिकपुरी और लक्ष्मी चंद्राकर सहित अन्य लोगों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

