छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शादी का झूठा वादा कर एक महिला के साथ दुष्कर्म करने और उसके गहने गिरवी रखकर रुपए हड़पने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय पीड़िता शहर की एक दुकान में सेल्स गर्ल के रूप में काम करती है।
वह अपने पति से अलग रह रही थी। जनवरी 2025 में उसकी पहचान गोरखा निवासी 34 वर्षीय सुल्तान खान से हुई, जो अक्सर उस दुकान पर खरीदारी करने आता था। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और मोबाइल पर संपर्क होने लगा। शिकायत में महिला ने बताया कि बातचीत के दौरान आरोपी ने उससे प्रेम का इजहार किया और शादी करने का वादा किया।
गहने गिरवी रखकर रुपए अपने पास रखे
महिला ने उसे पहले ही बता दिया था कि उसकी शादी हो चुकी है और घरेलू विवाद के कारण वह पति से अलग रह रही है। इसके बावजूद आरोपी ने उसे अपनाने और शादी करने का भरोसा दिलाया। महिला का आरोप है कि 21 फरवरी 2025 को आरोपी उसके किराये के मकान पहुंचा और शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी वह लगातार शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाता रहा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि 18 अगस्त 2025 को आरोपी ने उस पर दबाव बनाकर उसके गहने मणप्पुरम फाइनेंस में गिरवी रखवाए। गहने गिरवी रखने के बदले मिले 10 हजार रुपए आरोपी ने अपने पास रख लिए और वापस नहीं किए।आरोपी पहले से शादीशुदा निकला
कुछ समय बाद महिला को पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। जब उसने इस बारे में सवाल किया तो आरोपी टालमटोल करता रहा। बाद में जब महिला ने 8 जनवरी 2026 को शादी करने की बात कही, तो आरोपी ने साफ इंकार कर दिया। इतना ही नहीं, उसने महिला को डराना-धमकाना भी शुरू कर दिया। लगातार परेशान किए जाने से भयभीत होकर महिला ने अपना किराये का मकान भी बदल लिया। इसके बाद उसने महिला थाना पहुंचकर पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई।