जगदलपुर के स्टेशनरी दुकान में लगी भीषण आग, किताब-कॉपी और कागज जलकर खाक होने की आशंका
अनुपमा चौक स्थित सूरज इंटरप्राइजेज में मंगलवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। दुकान से धुआं निकलता देख लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची SDRF और फायर ब्रिगेड की टीम ने शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
कीर्तिमान डेस्क
04 Aug 2026, 10:12 AM
जगदलपुर
शहर के अनुपमा चौक स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) के पास संचालित सूरज इंटरप्राइजेज में मंगलवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देर रात दुकान से तेज धुआं निकलता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी।
जानकारी मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और SDRF की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की गई। दुकान बंद होने के कारण राहत और बचाव कार्य में शुरुआती परेशानी आई, लेकिन टीमों ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
शटर तोड़कर बुझाई गई आग
आग की गंभीरता को देखते हुए SDRF की टीम ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास देर रात सूरज इंटरप्राइजेज में लगी भीषण आगशुरू किया। बंद दुकान के भीतर आग काफी तेजी से फैल चुकी थी, जिसके कारण राहत कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि सूरज इंटरप्राइजेज में बड़ी मात्रा में किताबें, कॉपियां और कागज सहित अन्य सामग्री रखी हुई थी। कागज और स्टेशनरी का सामान अधिक होने के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया। फायर ब्रिगेड की टीम लगातार प्रयास करती रही, लेकिन आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने में समय लग गया।
दुकान बंद होने से टला बड़ा हादसा
राहत की बात यह रही कि जिस समय यह घटना हुई, उस दौरान दुकान बंद थी और वहां कोई कर्मचारी या अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसके चलते किसी भी तरह की जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है। हालांकि आग से दुकान में रखे सामान को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। आसपास के लोगों ने बताया कि देर रात अचानक धुआं दिखाई देने के बाद घटना की जानकारी मिली। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और प्रशासनिक टीमों के आने तक स्थिति पर नजर बनाए रखी।
आग लगने के कारणों की जांच में जुटे अधिकारी
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग और पुलिस की टीम आग पूरी तरह बुझने के बाद घटनास्थल का निरीक्षण करेगी। इसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी अन्य कारण से। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन भी किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।