Master Plan 2047: दिल्ली को प्रदूषण से राहत दिलाने और शहर के हरित क्षेत्र को मजबूत करने के लिए मास्टर प्लान 2047 के तहत दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। योजना के तहत राजधानी के बड़े पार्कों और जैव विविधता पार्कों को हरित कॉरिडोर के माध्यम से आपस में जोड़ा जाएगा। योजना को आगे बढ़ाने के लिए DDA विभिन्न हितधारकों के साथ बैठक करेगा। इसमें दिल्ली सरकार के अलग-अलग विभागों, पर्यावरण विशेषज्ञों और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वाले प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा। योजना का उद्देश्य दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद बड़े पार्कों और जैव विविधता क्षेत्रों को जोड़कर एक मजबूत हरित नेटवर्क तैयार करना है।
और भी पढ़े:-
विशेषज्ञों के सुझाव से तैयार होगी योजना
DDA हरित कॉरिडोर की योजना तैयार करते समय पर्यावरण विशेषज्ञों और संबंधित विभागों से सुझाव लेगा। इससे दिल्ली की मौजूदा भौगोलिक और पर्यावरणीय परिस्थितियों के अनुसार कॉरिडोर विकसित किया जा सकेगा। योजना के तहत दिल्ली के छोटे-बड़े पार्कों, जैव विविधता पार्कों और वन क्षेत्रों को आपस में जोड़ा जाएगा। इसका उद्देश्य राजधानी में परस्पर जुड़े हरित क्षेत्रों का व्यापक नेटवर्क तैयार करना है।
150 किलोमीटर लंबा होगा हरित कॉरिडोर
मास्टर प्लान 2047 के प्रावधानों के तहत दिल्ली में करीब 150 किलोमीटर लंबा हरित कॉरिडोर नेटवर्क विकसित करने की योजना है। इसके माध्यम से शहर के विभिन्न पार्क, जैव विविधता क्षेत्र और वन आपस में जुड़ सकेंगे। DDA इस योजना को व्यवस्थित तरीके से लागू करने के लिए संबंधित विभागों और स्थानीय निकायों के साथ समन्वय करेगा। इससे अलग-अलग इलाकों के हरित क्षेत्रों को एक नेटवर्क में जोड़ने का काम आसान होगा। DDA अधिकारियों के मुताबिक, राजधानी के बड़े पार्कों को आसपास की कॉलोनियों और सोसाइटियों से जोड़ने पर भी जोर दिया जाएगा।
अतिरिक्त जमीन से जुड़ेंगे हरित क्षेत्र
इससे लोगों को पार्कों तक पहुंचने के लिए सीधा और सुविधाजनक रास्ता मिल सकेगा। दिल्ली में जापानी पार्क, जिला पार्क और कई जैव विविधता पार्क जैसे बड़े हरित क्षेत्र मौजूद हैं। इनके आसपास की कॉलोनियों और सोसाइटियों के रास्तों को पार्कों से जोड़ने की योजना बनाई जा रही है। पार्कों के आसपास उपलब्ध अतिरिक्त जमीन का इस्तेमाल उन्हें आपस में जोड़ने के लिए किया जाएगा। DDA इस योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू करने की तैयारी कर रहा है। इस पहल के लागू होने के बाद आसपास की सोसाइटियों और कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को पार्कों तक सीधी और सुविधाजनक पहुंच मिलेगी।