MCX Commodity News: कमोडिटी बाजार में पिछले कुछ दिनों से सोना और चांदी की कीमतों में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर जहां सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं चांदी के भाव में तेजी बनी हुई है। पिछले तीन कारोबारी सत्रों में सोना करीब 1,900 रुपए प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हुआ है। दूसरी ओर, चांदी ने महज दो दिनों में करीब 1,400 रुपए प्रति किलो की बढ़त दर्ज की है।
बुधवार सुबह करीब 10:34 बजे MCX पर सितंबर 2026 डिलीवरी वाली सिल्वर फ्यूचर्स 840 रुपए की तेजी के साथ 2,40,840 रुपए प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी।
वहीं, अक्टूबर 2026 डिलीवरी वाला गोल्ड फ्यूचर्स 144 रुपए की मामूली बढ़त के साथ 1,52,756 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर ट्रेड कर रहा था।
डॉलर की मजबूती से सोने पर बना दबाव
विशेषज्ञों के अनुसार, सोने की कीमतों में गिरावट के पीछे सबसे बड़ा कारण अमेरिकी डॉलर की मजबूती है। डॉलर पिछले दो महीनों के ऊंचे स्तर के आसपास बना हुआ है। चूंकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी की कीमतें डॉलर में तय होती हैं, इसलिए डॉलर मजबूत होने पर दूसरी मुद्राओं में खरीदारी करने वाले निवेशकों के लिए सोना महंगा हो जाता है। इसका असर मांग और कीमतों पर देखने को मिलता है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने-चांदी में उतार-चढ़ाव
वैश्विक बाजार में भी कीमती धातुओं की कीमतों में दबाव देखने को मिला। स्पॉट गोल्ड 0.2 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,345.99 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। हालांकि, अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स (दिसंबर डिलीवरी) 0.2 प्रतिशत बढ़कर 4,382.70 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं, स्पॉट सिल्वर में 0.4 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह 66.78 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर आ गई।वैश्विक घटनाओं का भी बाजार पर असर
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रही राजनीतिक और आर्थिक गतिविधियां भी सोने-चांदी की कीमतों को प्रभावित कर रही हैं। ईरान-अमेरिका तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर युद्ध समाप्त करने को लेकर समझौता नहीं हुआ तो अमेरिका कड़े कदम उठा सकता है। वहीं, संयुक्त राष्ट्र के स्तर पर कूटनीतिक प्रयास भी जारी हैं।
इसके अलावा केंद्रीय बैंकों की ब्याज दरों से जुड़े फैसलों का असर भी बुलियन मार्केट पर पड़ रहा है।
सोने-चांदी में ट्रेडिंग के लिए अहम स्तर
पृथ्वी फिनमार्ट के मनोज कुमार जैन के अनुसार, MCX पर सोने के लिए 1,51,850 रुपए से 1,51,100 रुपए के स्तर पर सपोर्ट देखा जा रहा है। वहीं, 1,53,650 रुपए से 1,54,400 रुपये के बीच रेजिस्टेंस बना हुआ है। चांदी की बात करें तो इसके लिए 2,37,700 रुपए से 2,35,500 रुपए तक का स्तर सपोर्ट के रूप में काम कर सकता है, जबकि 2,41,000 रुपये से 2,44,000 रुपए तक रेजिस्टेंस जोन है।निवेशकों के लिए ट्रेडिंग रणनीति
मनोज कुमार जैन ने सोने में 1,52,500 रुपए से 1,51,000 रुपए के आसपास खरीदारी की रणनीति बताई है। उन्होंने इसके लिए 1,49,600 रुपए से नीचे स्टॉप लॉस रखने और 1,55,000 रुपए से 1,56,100 रुपए तक के लक्ष्य बताए हैं। वहीं, चांदी में 2,36,000 रुपए से 2,34,000 रुपए के आसपास खरीदारी की सलाह दी गई है। इसके लिए स्टॉप लॉस 2,29,000 रुपए से नीचे और लक्ष्य 2,44,000 रुपए से 2,47,000 रुपए तक रखा गया है।

