MCX Market: त्योहारों के सीजन के वक्त सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा। बता दें कि सोना अपने ऑल टाइम हाई से करीब 25% तक सस्ता (gold price crash) हो चुका है। मिडिल ईस्ट में तनाव, अमेरिका में बढ़ती महंगाई और क्रूड ऑयल की उछलती कीमतों का असर सीधा सोने पर दिखाई दे रहा है। ऐसे में आज शुक्रवार को वैश्विक बाजार में फिर कीमतों में गिरावट देखने को मिली है।
विदेशी बाजार में भी शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव बना रहा। कॉमेक्स (COMEX) पर सोने का भाव 0.68 फीसदी गिरकर 4,004 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं चांदी की कीमतों में इससे ज्यादा गिरावट देखने को मिली।
भारतीय बाजार में भी सस्ता हुआ सोना-चांदी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में गिरावट के साथ ही भारतीय बाजार में भी सोने और चांदी के भाव नीचे आए हैं। शुक्रवार को सोने की कीमत करीब 1.41 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार करती दिखाई दी। दूसरी ओर चांदी का भाव भी गिरकर लगभग 1.87 लाख रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गया। लगातार गिरती कीमतों के बीच खरीदारों की नजर अब बाजार के अगले रुख पर बनी हुई है।
MCX पर सोने के भाव में 800 रुपए की गिरावट
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी शुक्रवार को कारोबार के दौरान सोने की कीमत में कमजोरी दर्ज की गई। दिसंबर डिलीवरी वाला सोना करीब 800 रुपए टूटकर 1,41,852 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता नजर आया। वहीं चांदी की कीमत में लगभग 2,500 रुपए की गिरावट आई। इसके बाद चांदी का भाव 1,87,029 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया।अपने रिकॉर्ड स्तर से करीब 50 हजार रुपए नीचे आया सोना
इस साल 29 जनवरी को MCX पर सोने की कीमत ने नया रिकॉर्ड बनाया था। उस समय सोना 1,93,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के ऐतिहासिक स्तर तक पहुंच गया था। हालांकि, अब इसकी कीमत में बड़ी गिरावट आ चुकी है। मौजूदा भाव करीब 1,42,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के आसपास है।
क्या फिर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचेगा सोना
सोने की कीमतों में आई इस गिरावट के बाद निवेशकों और खरीदारों की नजर बाजार की अगली चाल पर है। अगर सोने को एक बार फिर 1.93 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के पुराने रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचना है, तो मौजूदा कीमत से इसमें करीब 25 फीसदी की तेजी आनी होगी। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय आर्थिक हालात, डॉलर की चाल, महंगाई और भू-राजनीतिक परिस्थितियां आगे सोने-चांदी की कीमतों को प्रभावित कर सकती हैं।







