दुर्ग के इंदिरा नगर बघेरा में बुधवार सुबह दो सगे भाइयों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद जानलेवा हो गया। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद बड़े भाई ने छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
मृतक की पहचान इंदिरा नगर बघेरा निवासी 26 वर्षीय कैलाश देवांगन के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस ने उसके बड़े भाई देवेंद्र देवांगन को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक दोनों भाई बघेरा इलाके में चॉइस सेंटर चलाते थे और सेंटर से जुड़े पैसों के लेनदेन को लेकर उनके बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था।
सुबह करीब 5 बजे शुरू हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 5 बजे दोनों भाइयों के बीच एक बार फिर पैसों को लेकर कहासुनी हुई। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ता चला गया। आरोप है कि इसी दौरान देवेंद्र ने घर में रखी कुल्हाड़ी से कैलाश पर हमला कर दिया। हमले में कैलाश गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कैलाश की मौत हो चुकी थी। कोतवाली थाना प्रभारी नवीन राजपूत के मुताबिक सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल इंदिरा नगर बघेरा पहुंची। घटनास्थल की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई। आरोपी देवेंद्र देवांगन को मौके से ही पकड़ लिया गया।घटनास्थल से जुटाए जा रहे साक्ष्य
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों भाइयों के बीच पैसों को लेकर विवाद की असल वजह क्या थी। घटना से ठीक पहले दोनों के बीच किन बातों को लेकर बहस हुई, इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है। मामले की जांच के दौरान पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं और ई-साक्ष्य भी तैयार किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्य सामने आएंगे। फिलहाल छोटे भाई की हत्या के मामले में आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।