MP College Admission 2026: कॉलेज में दाखिले की उम्मीद छोड़ चुके छात्र-छात्राओं के लिए राहत की बड़ी खबर है। मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग ने स्नातक (UG) और स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रमों की खाली बची सीटों पर दाखिले के लिए 'कॉलेज लेवल काउंसलिंग' (CLC) का एक और दौर शुरू कर दिया है। हाईकोर्ट जबलपुर द्वारा दिए गए एक अहम फैसले के बाद विभाग ने अतिरिक्त सीएलसी चरण की तारीखें आगे बढ़ा दी हैं। अब छूटे हुए छात्र 12 से 16 सितंबर 2026 के बीच कॉलेजों में जाकर सीधे एडमिशन ले सकते हैं।
व्यवस्था सभी कॉलेजों पर लागू
इसे मौजूदा शैक्षणिक सत्र (2026-27) के लिए दाखिले का आखिरी मौका माना जा रहा है। उच्च शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि इस बार एडमिशन प्रक्रिया 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर चलेगी। यानी जो छात्र समय पर कॉलेज पहुंचकर अपनी दावेदारी पेश करेगा, सीट उसी को मिलेगी। यह व्यवस्था प्रदेश के सभी सरकारी, अनुदान प्राप्त (Aided) और निजी (Private) कॉलेजों पर समान रूप से लागू होगी। इससे पहले उच्च शिक्षा विभाग के शेड्यूल के अनुसार 21 से 31 अगस्त के बीच अतिरिक्त सीएलसी चरण आयोजित किया गया था, जिसे अंतिम माना जा रहा था।
प्राचार्यों को गाइडलाइंस जारी
हालांकि, उच्च न्यायालय में दायर याचिका पर आए निर्णय के अनुपालन में विभाग को एक बार फिर खिड़की खोलनी पड़ी है। विभाग की ओर से सभी सरकारी और गैर-सरकारी कॉलेजों के प्राचार्यों को गाइडलाइंस जारी कर दी गई हैं। उन्हें 12 से 16 सितंबर की तय समय-सीमा के भीतर ही खाली सीटों पर पारदर्शिता के साथ प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि आप भी किसी वजह से कॉलेज में एडमिशन लेने से चूक गए थे, तो बिना देरी किए अपने नजदीकी कॉलेज में रिक्त सीटों की जानकारी लें और प्रक्रिया समय पर पूरी करें।
