MRPL blast: बुधवार को मंगलौर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (MRPL) के परिसर में अचानक हुए एक बड़े विस्फोट से पूरा इलाका थर्रा उठा। धमाका इतना भीषण था कि इसकी गूंज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। इस अचानक हुई घटना से आसपास की बस्तियों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। विस्फोट का असर मंगलुरु हवाई अड्डे तक देखने को मिला, जहां प्रशासनिक भवन के कांच झनझना उठे। वहीं जोकाट्टे और सूरतकल क्षेत्र के निवासियों का कहना है कि धमाके के तुरंत बाद उनके मकानों में झटके महसूस हुए और खिड़की-दरवाजे खड़खड़ाने लगे।
राहत और बचाव कार्य तेज
घटना की खबर मिलते ही अग्निशमन और आपातकालीन सेवाएं तुरंत हरकत में आईं। हालात की गंभीरता को देखते हुए मंगलुरु शहर से अतिरिक्त फायर टेंडरों को रिफाइनरी परिसर की ओर रवाना किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परिसर से कुछ एम्बुलेंसों को भी तेजी से निकलते हुए देखा गया है। MRPL प्रबंधन ने आधिकारिक रूप से पुष्टि की है कि हादसा रिफाइनरी परिसर के भीतर ही हुआ है। हालांकि, विस्फोट का सटीक कारण क्या था और इसमें कोई हताहत हुआ है या नहीं, इसकी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।
हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच, अस्पताल अलर्ट पर
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर मंगलुरु एयरपोर्ट प्रशासन ने अपने रनवे, प्रिसिजन अप्रोच लाइटिंग (CAT-I) सिस्टम और सुरक्षा सड़कों (पेरिफेरल रोड) का जायजा लेना शुरू कर दिया है, ताकि परिचालन में किसी तरह की बाधा न आए। दूसरी तरफ, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।सांसद ने बेल्थंगडी का दौरा किया रद्द, घटनास्थल रवाना
दक्षिण कन्नड़ के सांसद कैप्टन बृजेश चौटा ने घटना पर तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने बताया कि वे पुलिस आयुक्त, MRPL अधिकारियों, बाजपे नगर पंचायत और फायर ब्रिगेड के संपर्क में हैं। सांसद ने कहा, "स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। सुरक्षा और राहत कार्यों को गति देने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।" कैप्टन चौटा ने बेल्थंगडी में अपने तय सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए और हालात का प्रत्यक्ष जायजा लेने के लिए खुद घटनास्थल की ओर रवाना हो गए। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति बनाए रखें और स्थानीय प्रशासन का सहयोग करें।

