CMHO Actio: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के दमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां 11 नवंबर को सामान्य प्रसव के बाद सफाई के लिए इस्तेमाल किया गया पैड महिला के शरीर के अंदर ही छोड़ दिया गया। बताया जा रहा है कि इस वजह से प्रसूता को करीब चार दिनों तक तेज दर्द और शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मच गया है।
पेट में बढ़ता गया दर्द, चार दिन बाद बाहर निकला पैड
पीड़िता के पति के मुताबिक, डिलीवरी के बाद से ही उनकी पत्नी की तबीयत ठीक नहीं थी। उसे शौच करने में परेशानी हो रही थी और पेट भी असामान्य रूप से सख्त हो गया था। परिवार को शुरुआत में इस परेशानी की वजह समझ नहीं आई। 14 नवंबर को बाथरूम जाने के दौरान महिला के शरीर से पैड बाहर निकला। इसके बाद परिजनों को अंदाजा हुआ कि प्रसव के समय इस्तेमाल किया गया पैड अंदर ही छूट गया था। महिला की हालत को देखते हुए परिवार ने उसे तत्काल परासिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों के अनुसार, निजी अस्पताल में जांच के दौरान शरीर के अंदर अवशेष रह जाने और संक्रमण की आशंका जताई गई। इस घटना के बाद परिवार ने दमुआ स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों और अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
जांच में लापरवाही की पुष्टि
मामले को लेकर परिजनों की नाराजगी और हंगामे के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अर्चना कैथवास के मुताबिक, BMO और महिला डॉक्टर की जांच में लापरवाही सामने आने के बाद संबंधित नर्सिंग ऑफिसर को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। इसके साथ ही नर्सिंग ऑफिसर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने आगे की कार्रवाई भी शुरू कर दी है। प्रसव जैसी संवेदनशील प्रक्रिया के दौरान हुई इस चूक ने सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की सुरक्षा और जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।











