अमलाई थाना क्षेत्र के रामपुर में चिकन शॉप संचालक रज्जन कहार की गोली मारकर हत्या के बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा। रविवार को मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने NH-43 पर श्रीवास्तव मोड़ के पास चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी मुख्य आरोपी राजकुमार शर्मा की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़े रहे।
हाईवे पर लगा लंबा जाम,
चक्काजाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई घंटों तक यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। जानकारी के मुताबिक, रामपुर निवासी रज्जन कहार अपनी चिकन शॉप पर मौजूद थे।
अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
गोली लगने से रज्जन कहार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।शव के साथ प्रदर्शन, गिरफ्तारी की मांग पर अड़े लोग
हत्या से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शव के साथ NH-43 पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मांग रखी कि जब तक मुख्य आरोपी गिरफ्तार नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक समेत वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश जारी
पुलिस ने हत्या के मामले में जांच तेज कर दी है। आरोपी राजकुमार शर्मा की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।