New SP Office: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले को जल्द ही आधुनिक पुलिस मुख्यालय की सौगात मिल सकती है। शहर में प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय बनकर तैयार हो गया है। तीन मंजिला इस भवन में अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए कुल 60 कमरे बनाए गए हैं। यहां आधुनिक कार्यालयों के साथ हाईटेक मीटिंग हॉल और तकनीकी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। संभावना है कि 25 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बिलासपुर प्रवास के दौरान नए भवन का लोकार्पण कर सकते हैं। नए एसपी कार्यालय की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि जिला मुख्यालय से ही जिले के सभी थानों के साथ सीधे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संपर्क किया जा सकेगा। इससे पुलिस अधिकारियों की बैठक, अपराधों की समीक्षा और जरूरी निर्देश देने की प्रक्रिया पहले से अधिक आसान हो जाएगी।
थानेदार अपने थाने से ही बैठकों में हो सकेंगे शामिल
नए भवन में एसपी का चैंबर आधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम से तैयार किया गया है। इसके माध्यम से जिले के सभी थानेदारों और अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ सीधे संवाद किया जा सकेगा। अब विभागीय बैठकों और समीक्षा के लिए हर बार थानेदारों को पुलिस मुख्यालय पहुंचने की जरूरत नहीं होगी। अधिकारी अपने-अपने थानों से ही ऑनलाइन बैठक में शामिल हो सकेंगे। इससे उनका आने-जाने का समय बचेगा और वे अपने कार्यक्षेत्र में रहकर कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों पर ज्यादा ध्यान दे सकेंगे।
CCTNS-2 से अपराध और जांच के रिकॉर्ड होंगे डिजिटल
पुलिसिंग को तकनीक से जोड़ने के लिए नए कार्यालय में अत्याधुनिक सीसीटीएनएस लैब तैयार की जा रही है। सीसीटीएनएस के दूसरे चरण के तहत जिले के सभी थानों को बेहतर डिजिटल नेटवर्क से जोड़ने की योजना है। इस व्यवस्था से अपराधों से संबंधित रिकॉर्ड, केस डायरी, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और जांच के जरूरी दस्तावेजों का प्रबंधन आसान होगा। इसके अलावा न्यायालयों के साथ डिजिटल समन्वय की सुविधा विकसित की जा रही है, जिससे पुलिस और न्यायिक प्रक्रिया के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान अधिक सुविधाजनक हो सकेगा।अधिकारियों और अलग-अलग शाखाओं के लिए विशेष व्यवस्था
तीन मंजिला भवन में पुलिस विभाग की विभिन्न शाखाओं के लिए अलग-अलग कक्ष बनाए गए हैं। इनमें एएसपी ग्रामीण मुख्यालय, आरआई कार्यालय, डीसीआरबी, डीसीबी, शिकायत शाखा और एसआरसी शाखा शामिल हैं। बैठकों के लिए तैयार किए गए आधुनिक हॉल में प्रोजेक्टर, प्रेजेंटेशन और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। यहां काम करने वाले कर्मचारियों को नई तकनीकी व्यवस्थाओं के संचालन के लिए प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
फरियादियों के लिए विजिटर रूम, कैंटीन की भी सुविधा
नए पुलिस कार्यालय में आम लोगों की सहूलियत का भी ध्यान रखा गया है। अपनी शिकायत लेकर आने वाले फरियादियों के बैठने के लिए ग्राउंड फ्लोर पर अलग से विजिटर रूम बनाया गया है। इसके अलावा परिसर में कैंटीन की व्यवस्था भी रहेगी। इससे शिकायतकर्ताओं और पुलिसकर्मियों को चाय-नाश्ते या भोजन के लिए परिसर से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कुल मिलाकर नए भवन में प्रशासनिक कामकाज के साथ आम नागरिकों की सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी गई है।
एसएसपी ने किया निरीक्षण, लोकार्पण की तैयारियां शुरू
नए एसपी कार्यालय के उद्घाटन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। एसएसपी रजनेश सिंह ने भवन का निरीक्षण कर निर्माण और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 25 नवंबर को बिलासपुर दौरे के दौरान इस भवन का लोकार्पण कर सकते हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दूसरी ओर, नए भवन तक पहुंचने के लिए रास्ता तैयार किया जा रहा है और पुराने एसपी कार्यालय के कुछ हिस्सों को हटाने का काम भी जारी है।












