NHM Contract Employees: ग्वालियर में एक तरफ जहाँ प्रदेश सरकार ने अपने नियमित शासकीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में दो फीसदी की बढ़ोतरी कर दी है, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के हजारों संविदा कर्मियों की दीवाली बिना किसी अतिरिक्त आर्थिक राहत के ही गुजरी। त्योहारी सीजन और महंगाई के इस दौर में किसी भी तरह का बोनस, विशेष त्योहार सहायता या डीए न मिलने से कर्मचारियों के भीतर अब गहरा असंतोष साफ तौर पर देखा जा रहा है।
जनहितकारी सेवाओं में जुटे हैं संविदा कर्मी संविदा
कर्मचारियों का दर्द है कि वे पिछले कई सालों से पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ स्वास्थ्य विभाग की तमाम योजनाओं और जनहितकारी सेवाओं को जमीन पर उतारने में जुटे हैं। इसके बावजूद, आसमान छूती महंगाई के बीच उन्हें किसी प्रकार का अतिरिक्त वित्तीय लाभ नहीं मिल पा रहा है। कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही ग्रेड पे विसंगति को दूर करने के लिए एनएचएम भोपाल स्तर पर एक कमेटी भी बनाई गई थी। इस समिति ने विभिन्न संवर्गों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें भी कीं और तमाम जरूरी अभ्यावेदन व दस्तावेज भी जमा कराए गए, लेकिन आज भी इस पर कोई अंतिम फैसला नहीं हो पाया है।
प्रमुख मांगें:
महंगाई भत्ते (डीए) का लाभ दिया जाए
दीवाली बोनस और त्योहार सहायता राशि मिले
समय पर वेतन वृद्धि हो
ग्रेड पे की विसंगति को जल्द से जल्द दूर किया जाए
कर्मचारियों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि उनकी इन जायज मांगों पर जल्द से जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाए, ताकि वे भी राहत की सांस ले सकें।






