OP Choudhary: राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में ब्रेस्ट कैंसर के उपचार पर हुई चर्चा
OP Choudhary: छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने रायपुर के होटल बेबीलॉन कैपिटल में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय चिकित्सा कॉन्फ्रेंस ‘Breast Cancer Update 2026’ के दूसरे दिन कार्यक्रम का उद्घाटन किया। मित्तल हॉस्पिटल द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में ब्रेस्ट कैंसर की शुरुआती पहचान, समय पर जांच, आधुनिक उपचार तकनीकों और सर्जरी के विकल्पों पर चर्चा हुई।
OP Choudhary: छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने आज राजधानी रायपुर के होटल बेबीलॉन कैपिटल में मित्तल हॉस्पिटल द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय स्तर की चिकित्सा कॉन्फ्रेंस ‘Breast Cancer Update 2026 – Empowering the Future of Breast Oncology’ के दूसरे दिन के कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने ब्रेस्ट कैंसर के प्रति व्यापक जनजागरूकता, समय पर जांच एवं निदान तथा आधुनिक उपचार सुविधाओं की उपलब्धता को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने इस महत्वपूर्ण विषय पर चिकित्सकों और विशेषज्ञों को एक मंच पर लाने की सराहनीय पहल के लिए मित्तल हॉस्पिटल, रायपुर के आयोजकों एवं चिकित्सा विशेषज्ञों को बधाई दी। वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के उपचार में समय पर पहचान और सही चिकित्सकीय परामर्श की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूकता और आधुनिक उपचार सुविधाओं पर जोर
विशेष रूप से ब्रेस्ट कैंसर के संबंध में महिलाओं को जागरूक करना, नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रोत्साहित करना तथा आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा विज्ञान में हो रहे निरंतर अनुसंधान और तकनीकी प्रगति से कैंसर के उपचार की संभावनाएं बेहतर हुई हैं, इन आधुनिक उपचार पद्धतियों का लाभ अधिक से अधिक मरीजों तक पहुंचाना चिकित्सा जगत की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
चौधरी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए चिकित्सा विशेषज्ञों के बीच अनुभवों, नवीन शोध और आधुनिक उपचार तकनीकों का आदान-प्रदान आवश्यक है।
इस प्रकार के वैज्ञानिक सम्मेलन चिकित्सकों को नवीनतम चिकित्सा पद्धतियों से परिचित कराने के साथ मरीजों को अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में उपयोगी साबित होते हैं।
ब्रेस्ट कैंसर कॉन्फ्रेंस के दौरान अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करते चिकित्सा विशेषज्ञ
ब्रेस्ट कैंसर के आधुनिक उपचार पर हुई विस्तृत चर्चा
मित्तल हॉस्पिटल, रायपुर द्वारा 24 एवं 25 अक्टूबर को आयोजित इस दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस में ब्रेस्ट कैंसर की पहचान, निदान, शल्य चिकित्सा, आधुनिक दवाओ तथा उपचार की नवीनतम पद्धतियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर वैज्ञानिक सत्र आयोजित किए गए। कॉन्फ्रेंस में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्तन कैंसर के उपचार में मरीज की बीमारी की अवस्था, चिकित्सकीय स्थिति और अन्य आवश्यक पहलुओं के आधार पर उपयुक्त उपचार पद्धति के चयन पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। इस दौरान विशेष रूप से चर्चा की गई कि किन परिस्थितियों में स्तन को सुरक्षित रखते हुए सर्जरी की जा सकती है तथा आधुनिक दवाओं और व्यक्तिगत उपचार पद्धतियों के माध्यम से मरीजों को अधिकतम लाभ कैसे पहुंचाया जा सकता है।
जागरूकता से बेहतर हो सकते हैं उपचार के परिणाम
सम्मेलन में ब्रेस्ट कैंसर की प्रारंभिक अवस्था में पहचान के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि बीमारी का समय पर निदान होने से उपचार के बेहतर परिणाम प्राप्त करने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। इसके लिए महिलाओं में जागरूकता बढ़ाने, आवश्यक चिकित्सकीय जांच कराने तथा किसी भी संदिग्ध लक्षण की स्थिति में विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेने की आवश्यकता है। कॉन्फ्रेंस में कैंसर उपचार के क्षेत्र में विकसित हो रही आधुनिक तकनीकों, व्यक्तिगत उपचार पद्धतियों तथा मरीजों के जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।