छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। “ऑपरेशन अंकुश” अभियान के तहत पुलिस टीम ने रायगढ़-कोरबा सीमा क्षेत्र के ग्राम धसकामुड़ा में संचालित पांच अलग-अलग जुआ फड़ों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 33 जुआरियों को मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 57 हजार 140 रुपये नकद, करीब 90 लाख रुपये कीमत के 7 चारपहिया वाहन और पांच गैस लाइट जब्त की हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत पांच अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
मेले की आड़ में चल रहे थे जुआ फड़
पुलिस के अनुसार, ग्राम धसकामुड़ा में बड़े स्तर पर जुआ संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने योजना बनाकर एक साथ सभी फड़ों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान जुआ खेल रहे लोगों में हड़कंप मच गया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
बस से आरोपियों को न्यायालय ले जाया गया
गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को रायगढ़ से मंगाई गई बस क्रमांक CG 03 A 5014 से धरमजयगढ़ न्यायालय ले जाया गया। यहां आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत पेश किया गया।
अवैध गतिविधियों पर जारी रहेगा अभियान
रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने बताया कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए “ऑपरेशन अंकुश” लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।