PHE Department: बस्तर के केशलूर और आसपास के गांवों में ग्रामीण लंबे समय से पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं, पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए लोगों को आज भी परेशान होना पड़ रहा है। सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना भी अब तक ग्रामीणों की प्यास नहीं बुझा पाई है। योजना का काम अधूरा होने के कारण लोग वैकल्पिक व्यवस्थाओं के सहारे जीवन गुजारने को मजबूर हैं। गांवों में हालात इतने खराब हैं कि ग्रामीणों को नाले और तालाब के पानी पर निर्भर रहना पड़ रहा है। लोग मवेशियों के साथ उन्हीं जलस्रोतों में नहाने और कपड़े धोने को मजबूर हैं। पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
PHE विभाग में शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
पेयजल समस्या से परेशान ग्रामीणों ने समाधान की मांग को लेकर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) में आवेदन दिया था। इसके बावजूद समस्या का निराकरण नहीं हुआ। विभाग से राहत नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने ग्रामसभा की बैठक में आंदोलन करने का निर्णय लिया। इसके लिए अनुमति मांगते हुए एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा गया।
SDM के 15 दिन के आश्वासन के बाद भी नहीं बदले हालात
ग्रामीणों के मुताबिक, एसडीएम ने समस्या के समाधान के लिए 15 दिनों का समय मांगा था। लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी पेयजल संकट जस का तस बना हुआ है। दूसरी ओर जल जीवन मिशन का काम भी अब तक अधूरा है। लगातार अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने अब सड़क पर उतरने का फैसला किया है।1 दिसंबर को NH-30 पर चक्काजाम का ऐलान
समस्या का समाधान नहीं होने पर केशलूर के ग्रामीणों ने आगामी 1 दिसंबर को नेशनल हाईवे-30 पर चक्काजाम करने की घोषणा की है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक गांव में पेयजल की उचित व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने साफ किया है कि वे अपने हक और अधिकार की लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे।
धनीराम भारद्वाज ने बताई ग्रामीणों की परेशानी
केशलूर निवासी धनीराम भारद्वाज ने बताया कि गांव के लोग लंबे समय से पानी की समस्या से परेशान हैं। इस संबंध में कई बार लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में शिकायत की गई। इसके अलावा तहसीलदार और एसडीएम के समक्ष भी समस्या रखी गई थी। अधिकारियों की ओर से 15 दिनों में समस्या ठीक कराने का आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। इसी वजह से ग्रामसभा की बैठक में 1 दिसंबर को नेशनल हाईवे-30 पर चक्काजाम करने का निर्णय लिया गया है।












