PM Kisan 24th Installment: आज खाते में आएगी पीएम किसान की 24वीं किस्त, गुजरात के बनासकांठा से PM मोदी करेंगे जारी
PM Kisan 24th Installment: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 30 अक्टूबर को गुजरात के बनासकांठा से PM किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी करेंगे। इसके तहत 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खाते में 2,000 रुपये की राशि भेजी जाएगी। किसान घर बैठे आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी किस्त का स्टेटस चेक कर सकते हैं।
PM Kisan 24th Installment: देश के करोड़ों अन्नदाताओं के लिए आज बेहद खुशी का दिन है। लंबे समय से अगली किस्त का इंतजार कर रहे किसानों के खाते में आज प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना का पैसा ट्रांसफर होने जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, 30 अक्टूबर को गुजरात के बनासकांठा जिले के भीलड़ी में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम से इस 24वीं किस्त को देशभर के किसानों के नाम समर्पित करेंगे। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए एक ही क्लिक में देश के 9.34 करोड़ से ज्यादा पात्र किसानों के बैंक खातों में 2-2 हजार रुपये की राशि सीधे भेज दी जाएगी। इस बार केंद्र सरकार कुल 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की बड़ी राशि किसानों के खातों में हस्तांतरित कर रही है।
बनासकांठा दौरे के दौरान देंगे बड़ी सौगात
प्रधानमंत्री मोदी का आज का गुजरात दौरा कृषि और पशुपालन क्षेत्र के लिए भी बेहद खास रहने वाला है। भीलड़ी में मुख्य कार्यक्रम के अलावा पीएम मोदी 'एम्ब्रियो ट्रांसफर टेक्नोलॉजी-इन विट्रो फर्टिलाइजेशन' (ET-IVF) लैब का दौरा करेंगे। इसके साथ ही वे 'भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर' (BBBRC) के कैटल फार्म का जायजा भी लेंगे। पशुपालन में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने के इन प्रोजेक्ट्स का निरीक्षण करने के बाद प्रधानमंत्री दोपहर में बटन दबाकर पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त जारी करेंगे।
तीन किस्तों में मिलते हैं 6 हजार रुपये
गौरतलब है कि केंद्र सरकार पीएम किसान सम्मान निधि के जरिए छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करती है। इस
योजना के तहत लाभार्थियों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जो 2-2 हजार रुपये की तीन बराबर किस्तों में चार-चार महीने के अंतराल पर सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंचती है। योजना की शुरुआत से लेकर अब तक 23 किस्तें सफलतापूर्वक किसानों को दी जा चुकी हैं और आज 24वीं किस्त का हस्तांतरण हो रहा है।
मोबाइल पर इस तरह देखें अपनी किस्त का स्टेटस
यदि आप भी इस योजना के लाभार्थी हैं और देखना चाहते हैं कि पैसा खाते में पहुंचा या नहीं, तो घर बैठे बेहद आसान तरीके से अपना स्टेटस चेक कर सकते हैं:
सबसे पहले पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं।
होमपेज पर दिख रहे 'Farmers Corner' सेक्शन में जाएं और 'Know Your Status' पर क्लिक करें।
अपना रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें।
स्क्रीन पर दिया गया कैप्चा कोड सही-सही भरें।
'Get OTP' वाले विकल्प पर क्लिक करें और अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी को भरें।
ओटीपी दर्ज करते ही आपकी 24वीं किस्त का स्टेटस, पेमेंट की तारीख और खाते से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आ जाएगी।
ध्यान दें: अगर आपको अपना रजिस्ट्रेशन नंबर याद नहीं है, तो आप 'Know Your Registration Number' वाले बटन पर क्लिक करके आधार नंबर या मोबाइल नंबर की मदद से उसे आसानी से ढूंढ सकते हैं।