मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना अंबागढ़ चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम भड़सेना के घने जंगल क्षेत्र में लंबे समय से बड़े पैमाने पर जुए का फड़ संचालित किया जा रहा है, जहां लाखों रुपये के दांव लगाए जा रहे थे। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की योजना बनाई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीताम्बर पटेल तथा एसडीओपी ताजेश्वर दीवान के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने रणनीतिक तरीके से जंगल क्षेत्र की घेराबंदी की और बिना किसी देरी के दबिश देने की तैयारी की।
छापेमारी के दौरान मचा हड़कंप, कई आरोपी भागे
जैसे ही पुलिस टीम जंगल के भीतर जुए के फड़ तक पहुंची, वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ आरोपी मौके का फायदा उठाकर जंगल की ओर भागने में सफल रहे, लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 8 जुआरियों को मौके से ही धर दबोचा। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरा जुआ अड्डा तहस-नहस हो गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उजागर
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में सामग्री जब्त की। इसमें 1 लाख 13 हजार 220 रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन, 3 मोटरसाइकिल, 52 पत्तियों की ताश गड्डी, बैटरी, एलईडी बल्ब और बिजली तार शामिल हैं। कुल जब्त मशरूका की कीमत लगभग 3 लाख 47 हजार 220 रुपये आंकी गई है।
जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज, फरार आरोपियों की तलाश जारी
सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(1) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं पुलिस ने मौके से फरार हुए अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि जंगल, सुनसान इलाकों या किसी भी स्थान पर अवैध जुआ, सट्टा या अन्य आपराधिक गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लगातार निगरानी और कार्रवाई के चलते ऐसे गिरोहों पर शिकंजा और कड़ा किया जा रहा है, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
