रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोलबाजार पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मोतीबाग चौक क्षेत्र से एक महिला को 1 किलो 500 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की बाजार कीमत करीब 75 हजार रुपये आंकी गई है। रविवार शाम गोलबाजार थाना पुलिस की टीम नियमित पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच में जुटी हुई थी। इसी दौरान मोतीबाग चौक स्थित यूनियन क्लब के सामने एक महिला की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगीं। टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और उसके पास मौजूद बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान सफेद रंग के थैले से 1.5 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में महिला की पहचान अफसाना बी उर्फ गुड़िया (38) निवासी मोतीबाग चौक, रायपुर के रूप में हुई।
आरोपी महिला
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान यह भी पता चला कि अफसाना बी पहले भी आबकारी अधिनियम और मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में आरोपी रह चुकी है। बार-बार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस अब आरोपी की हिस्ट्रीशीट खोलने की तैयारी कर रही है। इसके अलावा उसके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
सप्लाई नेटवर्क जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था, इसकी सप्लाई चेन में कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क कितना बड़ा है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी स्वराज त्रिपाठी के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक मुकेश यादव, आरक्षक संदीप सिंह तथा परिवीक्षाधीन उप निरीक्षक रितु टेकाम, सुनील कुजूर और भास्कर पांडे सहित गोलबाजार थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।