जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र स्थित एसईसीएल के बलगी सब स्टेशन में देर रात नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर सनसनी फैला दी। 15 से 20 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड पर लाठी, चाकू और लोहे की रॉड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गार्ड का मोबाइल और अन्य सामान लेकर मौके से फरार हो गए। घायल गार्ड का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी हुई है।
रात 11 बजे के बाद सब स्टेशन में घुसे बदमाश
घायल सुरक्षा गार्ड संजय कुमार ने बताया कि वह रात की शिफ्ट में अकेले ड्यूटी कर रहे थे। रात करीब 11:10 बजे अचानक 15 से 20 नकाबपोश युवक सब स्टेशन परिसर में घुस आए। उनके हाथों में डंडे, चाकू और लोहे की रॉड थी। बदमाशों ने बिना किसी बातचीत के उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। संजय कुमार ने बताया कि बलगी सब स्टेशन में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद रात की ड्यूटी में अक्सर केवल एक ही सुरक्षा गार्ड की तैनाती रहती है। उनका कहना है कि कुछ समय पहले सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अतिरिक्त जवान लगाए गए थे, लेकिन बाद में उन्हें हटा लिया गया। इससे कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।अंधेरे का फायदा उठाकर देते हैं वारदात को अंजाम
गार्ड के मुताबिक, सब स्टेशन परिसर में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं है। रात के समय कई हिस्सों में अंधेरा रहने के कारण असामाजिक तत्व आसानी से परिसर में प्रवेश कर लेते हैं और वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और परिसर में बेहतर लाइटिंग की मांग की है। बांकी मोंगरा थाना प्रभारी चमन सिन्हा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।