Radhika Merchant Look: अंबानी परिवार की छोटी बहू राधिका मर्चेंट एक बार फिर अपने खूबसूरत अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उनका पारंपरिक लुक लोगों का ध्यान खींच रहा है। मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के डिजाइन किए हाथ से बुने फिरोजी रंग के लहंगे में राधिका बेहद आकर्षक नजर आ रही हैं। खास बात यह है कि भारी कढ़ाई वाले इस आउटफिट के साथ उन्होंने अपने लुक को काफी सादगीभरा रखा है। डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें वह अपने पेट डॉग के साथ पोज देती भी दिखाई दे रही हैं।
हाथ से बुने लहंगे में दिखी पारंपरिक कारीगरी
राधिका मर्चेंट का यह लहंगा अपनी खास बनावट और बारीक कारीगरी के कारण आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। फिरोजी रंग के इस आउटफिट को पारंपरिक ब्रोकेड टेक्सटाइल से तैयार किया गया है। लहंगे पर एंटीक गोल्ड एंब्रॉयडरी की गई है, जो इसकी खूबसूरती को और निखारती है।
दुपट्टे के डिजाइन ने बढ़ाई आउटफिट की खूबसूरती
लहंगे के साथ राधिका ने मिंट ग्रीन और फिरोजी ओम्ब्रे शेड वाला दुपट्टा कैरी किया है। इसके किनारों पर छोटे-छोटे सिक्कों वाले नाजुक टैसल्स लगाए गए हैं, जो दुपट्टे को आकर्षक लुक देते हैं। दुपट्टे की रंगत और उस पर की गई डिटेलिंग पूरे आउटफिट के साथ खूबसूरती से मेल खाती है।
मिनिमल मेकअप और हेयरस्टाइल ने पूरा किया लुक
राधिका का मेकअप भी उनके पूरे लुक की तरह सॉफ्ट और नेचुरल रखा गया है। ग्लॉसी ब्राउन न्यूड लिपस्टिक, गोल्डन आईशैडो और हल्के काजल से आंखों को खूबसूरती से उभारा गया है। चेहरे पर सॉफ्ट बेस, हल्का ब्लश और माथे पर छोटी सी बिंदी उनके पारंपरिक अंदाज को और खास बना रही है। वहीं, बालों को सेंटर पार्टिशन के साथ सॉफ्ट वेवी कर्ल में स्टाइल किया गया है। आधे बालों को पीछे की ओर पिन से सेट किया गया है।हैवी लहंगे के साथ सिंपल ब्लाउज और गोल्ड ज्वेलरी
भारी कढ़ाई वाले लहंगे के साथ राधिका ने शॉर्ट वी-नेकलाइन और फ्रंट ओपन डिजाइन वाला ब्लाउज पहना है। इसकी छोटी स्लीव्स ने उनके पारंपरिक लुक को एक सॉफ्ट और एलिगेंट टच दिया है। ज्वेलरी की बात करें तो उन्होंने गोल्ड टोन नेकलेस और मैचिंग ईयररिंग्स पहने हैं।
दिवाली पर भी सादगीभरे अंदाज में आई थीं नजर
राधिका मर्चेंट का पारंपरिक परिधानों के प्रति खास अंदाज अक्सर देखने को मिलता है, दिवाली सेलिब्रेशन के दौरान भी उनका सिंपल लुक चर्चा में रहा था। उस मौके पर उन्होंने थ्रेड वर्क वाले कुर्ते के साथ स्कर्ट पहनी थी। बिना ज्यादा तामझाम के तैयार किए गए इस आउटफिट में भी उनका अंदाज काफी आकर्षक नजर आया था। फिरोजी लहंगे की नई तस्वीरों में भी राधिका ने दिखाया है कि खूबसूरत दिखने के लिए हमेशा भारी मेकअप या बहुत ज्यादा एक्सेसरीज की जरूरत नहीं होती।












