Nita Ambani Diwali Look: रिलायंस फाउंडेशन के दीपोत्सव समारोह में वह ऐसी बनारसी साड़ी पहनकर पहुंचीं, जिसने अपनी खूबसूरती के साथ-साथ धार्मिक महत्व के कारण भी लोगों का ध्यान खींचा। लाल रंग की इस साड़ी पर भगवान श्रीराम के नाम का मंत्र बुना गया है। इसकी खासियत यह है कि साड़ी के हर हिस्से में पारंपरिक बुनाई के जरिए राम नाम को शामिल किया गया है।
जियो वर्ल्ड सेंटर के दीपोत्सव में पहुंचीं नीता अंबानी
जियो वर्ल्ड सेंटर में आयोजित रिलायंस फाउंडेशन के दीपावली उत्सव में नीता अंबानी का पारंपरिक लुक देखने को मिला। उनके इस अंदाज की तस्वीरें नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की गई हैं। तस्वीरें सामने आने के बाद उनकी साड़ी और शाही पहनावे की खूब चर्चा हो रही है।
क्या है रामावली साड़ी की खासियत
नीता अंबानी ने इस खास मौके पर लाल रंग की बनारसी सिल्क साड़ी पहनी, जिसे 'रामावली साड़ी' नाम दिया गया है। इस साड़ी को मास्टर कारीगर अजय भोज ने हाथों से तैयार किया है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता है कि पूरे कपड़े में सिल्क के धागों से 'श्री राम जय राम' मंत्र बुना गया है। साड़ी के बॉर्डर पर भारी गोल्ड जरी और ब्रोकेड का काम किया गया है।
मैचिंग ब्लाउज ने बढ़ाई खूबसूरती
साड़ी के साथ नीता अंबानी ने लाल रंग का रिच सिल्क ब्लाउज पहना। इस पर सुनहरे धागों से बारीक जाल वर्क किया गया है। ब्लाउज की स्लीव्स पर ब्रोकेड बॉर्डर दिया गया है, जो साड़ी के डिजाइन के साथ अच्छी तरह मेल खाता है। लाल और सुनहरे रंगों का यह कॉम्बिनेशन उनके पूरे लुक को पारंपरिक और शाही अंदाज देता है।मंदिर ज्वैलरी और पोल्की नेकलेस ने खींचा ध्यान
नीता अंबानी ने अपने पहनावे के साथ पारंपरिक गोल्ड टेंपल ज्वैलरी को चुना। उन्होंने मल्टीलेयर गोल्ड नेकलेस पहना, जिसमें हरे एमराल्ड बीड्स, मोतियों की लटकन और अनकट डायमंड यानी पोल्की का काम नजर आया। इसके साथ बड़े स्टेटमेंट झुमके, गोल्ड बैंगल्स और ब्रेसलेट ने उनके लुक को पूरा किया।
मिनिमल मेकअप में दिखा एलिगेंट अंदाज
भारी साड़ी और पारंपरिक गहनों के साथ नीता अंबानी ने मेकअप को काफी सादगी भरा रखा। माथे पर छोटी लाल बिंदी, फ्लॉलेस बेस और मैट रेड लिपस्टिक उनके लुक को खास बना रहे थे। कुल मिलाकर, राम नाम से सजी बनारसी साड़ी, पारंपरिक आभूषण और सादे मेकअप के साथ उनका दिवाली लुक भारतीय कला, संस्कृति और परंपरा की खूबसूरत झलक पेश करता नजर आया।












