Raipur Crime News: रायपुर में बुधवार को ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान चाकूबाजी की घटना सामने आई। बदमाश ने तीन युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वारदात आजाद चौक थाना क्षेत्र के तात्यापारा इलाके में हुई।
पैगंबर मोहम्मद के जन्मदिन के अवसर पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग जुलूस में शामिल हुए थे। इसी दौरान अचानक हुई घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जुलूस के दौरान कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर एक युवक ने अपने पास रखा चाकू निकाल लिया और तीन युवकों पर हमला कर दिया।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा
हमले के बाद आरोपी मौके से भागने का प्रयास करने लगा। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने घायलों को अस्पताल भेजा। तीनों युवकों को चोटें आई हैं। फिलहाल उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने घटना से जुड़े कुछ युवकों को हिरासत में लिया है। उन्हें थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही है।
विवाद की वजह की जांच जारी
विवाद किस वजह से शुरू हुआ और हमले में कितने लोग शामिल थे, पुलिस इसकी जांच कर रही है। पर्व को देखते हुए शहर के प्रमुख इलाकों में सुबह से ही पुलिस बल तैनात था। इसके बावजूद जुलूस के दौरान चाकूबाजी की घटना होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल सकती है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है। रायपुर में पिछले कुछ दिनों से चाकूबाजी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सोमवार रात भी शहर में दो अलग-अलग स्थानों पर चाकू से हमले हुए थे, जिनमें दो लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रही ऐसी वारदातों से लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है।