Raipur Industrial Fair 2026: 18 सितंबर से सजेगा 14वां इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर, जानिए क्या कुछ रहेगा खास
Raipur Industrial Fair 2026: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 18 से 20 सितंबर तक 14वां इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026 आयोजित किया जाएगा। साइंस कॉलेज ओपन ग्राउंड में होने वाले इस आयोजन में देशभर के उद्योगपति, निवेशक, स्टार्टअप्स और खरीदार शामिल होंगे। मेले का उद्देश्य MSME सेक्टर को बढ़ावा देना, नए निवेश आकर्षित करना और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
Raipur Industrial Fair 2026: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर देश के उद्योग जगत की बड़ी गतिविधियों का केंद्र बनने जा रही है। 18 से 20 सितंबर तक साइंस कॉलेज के ओपन ग्राउंड में 14वें ‘
इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले इस मेले में देशभर के उद्योगपतियों, निवेशकों, स्टार्टअप्स और खरीदारों का जमावड़ा लगेगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य राज्य के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों (MSME) को बड़ा मंच देना, नवाचारों को बढ़ावा देना और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।
सीएम विष्णु देव साय करेंगे उद्घाटन, केंद्रीय मंत्रियों के जुटने की संभावना
मेले के भव्य उद्घाटन समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी कृष्ण गोपाल के भी इस कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना है। देशभर से आ रहे नामचीन उद्योगपतियों की मौजूदगी से उम्मीद जताई जा रही है कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ में नए निवेश और
औद्योगिक विकास को एक नई दिशा देगा।
बड़े कारोबारियों से सीधे बातचीत का मौका
छत्तीसगढ़ खनिज, कृषि उत्पाद और बिजली के मामले में बेहद समृद्ध राज्य है। इसके बावजूद, राज्य के छोटे और मध्यम स्तर के कारोबारियों को अक्सर आधुनिक तकनीक, बड़े निवेशकों और राष्ट्रीय स्तर के खरीदारों तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यह इंडस्ट्रियल फेयर इसी खाई को पाटने का काम करेगा। यहां स्थानीय उद्यमियों को देश के अलग-अलग हिस्सों से आए बड़े कारोबारियों और वितरकों से सीधे बातचीत करने का मौका मिलेगा, जिससे उनके व्यापार का विस्तार अन्य राज्यों में भी हो सकेगा।
युवाओं और नए स्टार्टअप्स के लिए खास मौका
बिजनेस आइडिया शोकेस: नए उद्यमियों और युवाओं को अपने यूनिक प्रोडक्ट्स व बिजनेस मॉडल को अनुभवी निवेशकों के सामने पेश करने की सुविधा मिलेगी।
गाइडेंस और फंडिंग: विशेषज्ञों से बाजार की मांग, नई तकनीकों और बिजनेस को आगे बढ़ाने के गुर सीखने को मिलेंगे।
जॉब फेयर और नेटवर्किंग: विद्यार्थियों और तकनीकी युवाओं को सीधे उद्योगों से जोड़ने के लिए जॉब प्लेसमेंट और नेटवर्किंग सेशन भी आयोजित किए जा रहे हैं।
रात में दिखेगी छत्तीसगढ़ी संस्कृति की छटा
यह आयोजन सिर्फ व्यापार और निवेश तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें राज्य की लोक-संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। मेले के तीनों दिन शाम को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोक नृत्य, संगीत और कलाकृतियों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इससे बाहर से आने वाले मेहमानों को प्रदेश की औद्योगिक क्षमता के साथ-साथ उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी करीब से जानने का मौका मिलेगा।