Raipur Theft News: कार सवार एक कारोबारी के साथ शातिर तरीके से चोरी की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने कार से ऑयल गिरने का झांसा देकर कारोबारी को रोका और मौका मिलते ही कार में रखा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में 25 हजार रुपए नकद, बैंक कार्ड, चेकबुक समेत कई जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। घटना 24 सितंबर की सुबह करीब 11.40 बजे फाफाडीह ओवरब्रिज के पास हुई। मामले में कारोबारी कौस्तुभ धर्माधिकारी की शिकायत पर गंज थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अमलीडीह स्थित नेचर सिटी निवासी कौस्तुभ धर्माधिकारी रावाभाठा में कैप्स आइसक्रीम फैक्ट्री का संचालन करते हैं। घटना वाले दिन वह अपनी कार (CG04PS7590) से घर से ऑफिस जा रहे थे। जब वह फाफाडीह ओवरब्रिज के पास पहुंचे, तभी एक युवक ने उन्हें कार के बोनट के सामने ऑयल गिरने की जानकारी दी। कुछ दूरी आगे बढ़ने पर एक अन्य युवक ने भी उन्हें यही बात बताई। इस पर कारोबारी ने कार रोककर जांच करने का फैसला किया।
सर्विस सेंटर को फोटो भेजते समय चोरी
कारोबारी ने कार का यू-टर्न लेकर सड़क किनारे वाहन खड़ा किया और सर्विस सेंटर में संपर्क किया। सर्विस सेंटर की ओर से बोनट की फोटो भेजने को कहा गया। कौस्तुभ धर्माधिकारी कार से उतरकर बोनट की तस्वीर लेने लगे। इसी दौरान अज्ञात आरोपी ने कार में रखा ब्राउन रंग का बैग चोरी कर लिया और वहां से निकल गए।बैग में थे नकद रुपए और जरूरी दस्तावेज
कुछ देर बाद जब कारोबारी वापस कार में पहुंचे तो उन्हें बैग गायब मिला। बैग में 25 हजार रुपए नकद, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, बैंक ऑफ बड़ौदा की चेकबुक, बैंक से जुड़े दस्तावेज, ऑफिस के कागजात और चाबियां रखी हुई थीं। घटना की जानकारी उन्होंने अपने परिचित प्रशांत सुब्रमण्या और शारदाचरण पटेल को दी। इसके बाद गंज थाना पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फाफाडीह ओवरब्रिज और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
