Raipur Tyre Factory Fire: राजधानी के प्रमुख औद्योगिक इलाके उरला स्थित पोदवाल टायर फैक्ट्री में सोमवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। जिस वक्त हादसा हुआ, फैक्ट्री के भीतर कई मजदूर रूटीन काम में लगे हुए थे। लपटें और धुआं उठते ही परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर प्रशासन और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत फैक्ट्री के मुख्य दरवाजों को बंद करा दिया, ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
टार रिसाव से हादसे का अंदेशा
शुरुआती पड़ताल में सामने आया है कि टायर निर्माण की प्रक्रिया के दौरान इस्तेमाल होने वाले 'टार' (तारकोल) का रिसाव हुआ था, जिससे आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस और फायर ब्रिगेड का कहना है कि हादसे की असली वजह विस्तृत जांच के बाद ही साफ हो पाएगी।
दमकल की गाड़ियां मौके पर, जांच जारी
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं और अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की दिशा में काम शुरू किया। फिलहाल इस घटना में किसी जनहानि या मजदूरों के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग से फैक्ट्री को कितना नुकसान पहुंचा है, इसका आकलन भी किया जा रहा है। उरला थाना पुलिस और संबंधित विभाग मामले की पड़ताल में जुट गए हैं।






