Ranchi News: लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के बीच शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से टल गया। डोरंडा थाना क्षेत्र के एजी कॉलोनी के पास बच्चों से भरी एक स्कूल बस पर अचानक एक विशाल पेड़ गिर गया। हादसे में बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन चालक की सतर्कता के कारण बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित बच गए। एजी मोड़ के पास हुआ हादसा जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह स्कूल बस बच्चों को लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। इसी दौरान एजी मोड़ के पास तेज हवा के कारण सड़क किनारे खड़ा एक बड़ा पेड़ अचानक टूटकर बस के ऊपर गिर गया।
ड्राइवर की सतर्कता से टला हादसा
पेड़ को गिरता देख बस चालक ने तुरंत ब्रेक लगा दिए, जिससे बस रुक गई और बच्चों को किसी तरह की चोट नहीं आई। घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। नगर निगम की टीम ने हटाया पेड़ हादसे की सूचना मिलते ही डोरंडा थाना पुलिस और रांची नगर निगम को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद नगर निगम की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची और सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने का काम शुरू किया।
बारिश-आंधी से बढ़ी परेशानी
पेड़ हटाए जाने के बाद यातायात को सामान्य किया गया। वहीं, स्कूल बस को भी सुरक्षित तरीके से वहां से रवाना कर दिया गया। पेड़ गिरने के कारण कुछ देर तक सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा। बारिश और आंधी से बढ़ी लोगों की परेशानी रांची में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश और तेज हवाओं का असर जनजीवन पर देखने को मिल रहा है। खराब मौसम के कारण खासकर स्कूली बच्चों और अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्कूलों ने जारी किए निर्देश
शहर के कई स्कूलों में परीक्षाएं भी चल रही हैं, जिसके चलते बच्चों को बारिश के बीच स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। कई जगहों पर बारिश के कारण बच्चों के कपड़े और जूते भीगने की स्थिति बनी। मौसम को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने भी बस चालकों को सावधानी से वाहन चलाने और सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। राहत की बात यह रही कि रांची के इस हादसे में बस चालक समेत किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई।
