Rice Popcorn Recipe: अगर आप रोजाना वही पुराना नाश्ता खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ ऐसा तलाश रहे हैं जो झटपट बन जाए और खाने में बेहद क्रिस्पी लगे, तो राइस पॉपकॉर्न एक बेहतरीन ऑप्शन है। इस Recipy की सबसे खास बात यह है कि इसके लिए आपको पहले से बचे या पके हुए चावल की जरूरत नहीं पड़ती। बस कच्चे चावल को कुछ देर भिगोकर, आलू और मसालों के साथ मिलाकर आप एक नया स्नैक तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।
जरूरी सामग्री
- कच्चे चावल: 1 कप
- उबला आलू: 1 (मैश किया हुआ)
- प्याज: 1 (बारीक कटा हुआ)
- अदरक-लहसुन का पेस्ट: 1 छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पेस्ट या कुटी लाल मिर्च: 2 सूखी लाल मिर्च का इस्तेमाल करें
- जीरा: आधा छोटी चम्मच
- हरा धनिया: 2 बड़े चम्मच (बारीक कटा)
- नमक: स्वादानुसार
- तेल: तलने के लिए
बनाने की आसान विधि
- चावल भिगोएं: सबसे पहले 1 कप कच्चे चावल को 2 से 3 बार साफ पानी से धो लें। इसके बाद इसे 2-3 घंटे के लिए पानी में भीगने के लिए छोड़ दें।
- दरदरा पीसें: तय समय बाद चावल का सारा पानी छानकर निकाल लें। अब इन्हें मिक्सी के जार में डालें और बिना पानी (या सिर्फ 1 चम्मच पानी) के दरदरा पीस लें। ध्यान रहे, इसका महीन पेस्ट या घोल नहीं बनाना है।
- मिश्रण तैयार करें: पिसे हुए चावल को एक बर्तन में निकालें। इसमें उबला हुआ मैश किया आलू, बारीक प्याज, अदरक-लहसुन का पेस्ट, लाल मिर्च, जीरा, हरा धनिया और नमक मिलाएं। सभी चीजों को हाथों से अच्छी तरह मिक्स कर लें ताकि एक गाढ़ा मिक्सचर तैयार हो जाए।
- छोटे बॉल्स बनाएं: कड़ाही में तेल गर्म करने के लिए रखें। जब तेल अच्छा गर्म हो जाए, तब मिश्रण में से छोटे-छोटे (पॉपकॉर्न के साइज के) टुकड़े तोड़कर कड़ाही में डालते जाएं। साइज छोटा रखने से यह अंदर तक सही से पकेंगे।
- गोल्डन होने तक तलें: गैस की आंच को मीडियम रखें और इन्हें पलट-पलटकर तब तक तलें जब तक कि ये बाहर से सुनहरे और एकदम कुरकुरे न दिखने लगें।
- सर्व करें: तलने के बाद इन्हें टिशू पेपर पर निकाल लें ताकि एक्स्ट्रा तेल निकल जाए। बस, आपके गरमा-गरम राइस पॉपकॉर्न तैयार हैं। इन्हें टोमैटो सॉस या तीखी हरी चटनी के साथ सर्व करें।

