जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर लगातार सख्ती बरती जा रही है। पिछले एक सप्ताह के विशेष अभियान में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 929 चालकों के खिलाफ ई-चालान जारी किया गया। इनसे 4 लाख 64 हजार 500 रुपए का समन शुल्क वसूला गया।
पुलिस ने केवल बिना हेलमेट वाहन चालकों पर ही नहीं, बल्कि ओवर स्पीड, सीट बेल्ट नहीं लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने, नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने और प्रेशर हॉर्न बजाने वालों पर भी कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि सख्ती के साथ चलाए जा रहे जागरुकता अभियान से सड़क दुर्घटनाओं में कमी देखने को मिल रही है।
तेज रफ्तार और मोबाइल चलाने वालों पर लगा जुर्माना
यातायात पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले 13 चालकों पर 15 हजार रुपए का समन शुल्क लगाया गया। वहीं सीट बेल्ट नहीं लगाने वाले 10 वाहन चालकों से 5 हजार रुपए और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले 5 चालकों से 1,500 रुपए का जुर्माना वसूला गया। अभियान के दौरान नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने वाले 29 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 10,600 रुपए का समन शुल्क लगाया गया। इसके अलावा प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने वाले एक वाहन चालक पर 2 हजार रुपए का जुर्माना किया गया।ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रोज हो रही जांच
जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में प्रतिदिन फिक्स चेकिंग प्वाइंट बनाकर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मौके पर ही ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट और सुरक्षित वाहन संचालन के महत्व की जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है। यातायात अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने के एक मामले में संबंधित चालक को न्यायालय ने 10 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। पुलिस ने वाहन चालकों से नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की है।