सावन और नवरात्रि जैसे पवित्र उपवास के दिनों में साबूदाने की खीर का खास महत्व होता है। ज्यादातर घरों में व्रत के दौरान इसे बड़े चाव से बनाया जाता है। हालांकि, कई बार साबूदाने की खीर बनाते समय दाने आपस में चिपक जाते हैं और खीर ज्यादा गाढ़ी व चिपचिपी हो जाती है।
कुकिंग एक्सपर्ट नीलम गुप्ता ने इस समस्या को दूर करने का एक आसान तरीका बताया है। उनकी खास रेसिपी में साबूदाने को देसी घी में ताजे नारियल और ड्राई फ्रूट्स के साथ हल्का भूनकर तैयार किया जाता है। इससे साबूदाना अलग-अलग रहता है और खीर का स्वाद भी ज्यादा रिच हो जाता है।
साबूदाने को सही तरीके से भिगोना है जरूरी
साबूदाने की खीर को स्वादिष्ट और परफेक्ट बनाने के लिए सबसे पहला कदम है साबूदाने को सही तरीके से तैयार करना। साबूदाने को 2-3 बार साफ पानी से अच्छी तरह धोएं, ताकि उसका अतिरिक्त स्टार्च निकल जाए। इसके बाद साबूदाने में उसके बराबर मात्रा में पानी डालकर 3-4 घंटे के लिए भिगोकर रख दें। सही तरीके से भिगोने से साबूदाना अच्छी तरह फूल जाता है और खीर बनाते समय चिपकता नहीं है।
घी में भूनें ड्राई फ्रूट्स, बढ़ेगा स्वाद
खीर का स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए सबसे पहले कड़ाही में थोड़ा सा देसी घी गर्म करें। इसमें काजू, बादाम, चिरौंजी या अपनी पसंद के अन्य ड्राई फ्रूट्स डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें। भुने हुए मेवों को निकालकर अलग रख दें। घी में भुने हुए ड्राई फ्रूट्स से खीर में बेहतर स्वाद के साथ हल्का क्रंच भी आता है।साबूदाना और नारियल को हल्का भूनने का सीक्रेट
ड्राई फ्रूट्स भूनने के बाद उसी घी में भीगा हुआ साबूदाना डालें। इसके साथ ताजा कद्दूकस किया हुआ नारियल भी मिला दें। साबूदाने और नारियल को धीमी आंच पर करीब 1-2 मिनट तक हल्का भूनें। घी की परत साबूदाने के हर दाने पर चढ़ जाती है, जिससे वह आपस में चिपकता नहीं है और खीर का स्वाद भी बढ़ जाता है।
गर्म दूध डालकर धीमी आंच पर पकाएं
साबूदाना भुन जाने के बाद इसमें पहले से उबला हुआ गर्म दूध डालें। ध्यान रखें कि ठंडा या कच्चा दूध डालने से खीर का स्वाद और बनावट खराब हो सकती है। दूध डालने के बाद इसे मध्यम आंच पर लगातार चलाते रहें। जब साबूदाने के दाने पारदर्शी दिखाई देने लगें और ऊपर तैरने लगें, तो समझ लें कि साबूदाना पूरी तरह पक चुका है।
साबूदाना पकने के बाद ही डालें चीनी
जब साबूदाना अच्छी तरह पक जाए, तभी इसमें स्वादानुसार चीनी मिलाएं। चीनी पहले डालने से साबूदाना ठीक से नहीं गलता और खीर की बनावट खराब हो सकती है। इसके बाद खीर में आधा चम्मच इलायची पाउडर डालें और 2-3 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें। इससे खीर में शानदार खुशबू और स्वाद आ जाएगा।ड्राई फ्रूट्स से करें खीर की सजावट
खीर तैयार होने के बाद इसमें पहले से भुने हुए काजू, बादाम और चिरौंजी डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद गैस बंद कर दें। अब खीर को सर्विंग बाउल में निकालें और ऊपर से बादाम की कतरन, चिरौंजी, गुलाब की पंखुड़ियां या चांदी के वर्क से सजाएं। इस आसान तरीके से बनाई गई साबूदाने की खीर स्वाद में मलाईदार होगी और इसमें चिपचिपापन भी नहीं आएगा। व्रत के दिनों में यह रेसिपी घर के सभी लोगों को पसंद आएगी।