Science Model: नगर के प्रतिष्ठित स्कूल शास. आशी बाई गोलछा हायर सेकंडरी स्कूल महासमुन्द के कक्षा 12वीं होनहार छात्र डिगेश कुमार सेन नें दिनांक 21 एवं 22 नवंबर को चेन्नई तमिलनाडु में स्पेस किड्ज इंडिया द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर के यंग साइंटिस्ट इंडिया 12वां एडिशन के फिनाले में सहभागिता करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। यंग साइंटिस्ट इंडिया 12वां एडिशन में डिगेश सेन ने देश भर के 5000 प्रतिभागियों के बीच श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए अपना नाम फिनाले के लिए दर्ज करा लिया था।
इस फिनाले में प्रतिभागिता के लिए डिगेश अपने गाईड संजय कुमार एक्का व्याख्याता एवं एटीएल प्रभारी के साथ अपने विज्ञान मॉडल लेकर चेन्नई गये थे। छात्र ने "वन चाइल्ड वन डिजिटल ग्रोथ पासपोर्ट सिस्टम" मॉडल बनाया था । यह एक ऐसा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस है जिसपर बच्चे को खड़ा करने पर उसकी लम्बाई वजन आदि डिस्प्ले में दिखाई देता है। इस डाटा को एप के माध्यम से अपने कंप्यूटर या मोबाइल में भी प्राप्त किया जा सकता है।
पुरस्कार और गाइड शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित
इस मॉडल की बहुत ही सराहना की गई। 21 तारीख को संपन्न हुए इस विज्ञान प्रदर्शनी के दरमियान स्पेस किड्स इंडिया की फाउंडर और सीईओ डॉ श्रीमथी केसन स्वयं मौजूद थीं। डॉ श्रीमथी केसन अपने चिर परिचित मुस्कुराहटों के साथ सभी बच्चों से मिल रही थी और उनका उत्साह बढ़ा रही थी। बच्चे भी उनका प्यार देखकर गदगद हो जा रहे थे। दोपहर भोजन के पश्चात "वर्ल्ड युनिवर्सिटी सर्विस सेंटर, चेन्नई के ऑडिटोरियम में फिनाले के लिए चयनित सभी प्रतिभागियों को मिमेंटो प्रथम द्वितीय तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को पुरस्कार तथा सभी गाइड शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। प्रथम आने वाले प्रतिभागी को ₹50,000 द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रथम प्रतिभागी को ₹ 30,000 एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को ₹15,000 राशि का चेक प्रदान किया गया।
आयोजित कार्यक्रम में कैप्टन अंगद प्रताप उपस्थित
पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में इंडियन एयर फोर्स के ग्रुप कैप्टन अंगद प्रताप स्पेस टेस्ट पायलट पधारे थे। ग्रुप कैप्टन अंगद प्रताप ने उपस्थित सभी प्रतिभागी बच्चों को स्पेस साइंस में अपना करियर बनाने प्रेरित किया। बच्चों और शिक्षकों में उनका प्रभाव ऐसा रहा कि उनके ऑटोग्राफ लेने एवं उनके के साथ फोटो खींचवाने की सब में होड़ मची हुई थी। दूसरे दिन 22 नवंबर को सभी सभी प्रतिभागी बच्चों एवं गाईड शिक्षकों को शैक्षणिक भ्रमण के लिए चेन्नई के बिरला प्लैनेटेरियम ले जाया गया। जहां बच्चों ने आकाश तारे ग्रहों के जीवन चक्र एवं अंतरिक्ष से जुड़े थ्रीडी शो और प्रदर्शनी देखने का मजा लिया। विद्यालय के प्राचार्य गोविंद राम सिन्हा नें छात्र डिगेश और गाइड शिक्षक संजय एक्का को बधाई देते हुए स्पेस किड्ज इंडिया को धन्यवाद दिया कि वे भविष्य के वैज्ञानिक गढ़ने विद्यालय को सुअवसर प्रदान कर रहे हैं। विद्यालय के एसएमडीसी अध्यक्ष संदीप दीवान नें इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए प्राचार्य विद्यार्थी एवं शिक्षक को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित किया है। विद्यालय के वरिष्ठ व्याख्याता विमल मन्नाडे, तोषण गिरी गोस्वामी, खोमन चंद्राकर, विज्ञान समुह के व्याख्याता द्वय डॉ ज्योति किरण चंद्राकर, दुर्गेश नंदिनी यदू, किर्तन साहू, पूजा साहू, विज्ञान प्रभारी खेमलता कंवर आदि ने इसे एक गौरवान्वित करने वाला अवसर बताते हुए बधाइयां दी हैं।











