Student Drowning Case: अंबिकापुर शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित घुनघुट्टा डेम में एक 19 वर्षीय कॉलेज छात्र की डूबने से मौत हो गई। शुक्रवार दोपहर एसडीआरएफ की टीम ने कई घंटे की तलाश के बाद युवक का शव डेम के गेट के पास से बरामद किया। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक की पहचान मणिपुर थाना क्षेत्र के बिलासपुर चौक निवासी रीतिक साहू के रूप में हुई है। रीतिक कॉलेज का छात्र था और इसी साल उसने आगे की पढ़ाई शुरू की थी। जानकारी के मुताबिक, रीतिक गुरुवार दोपहर बाद अपनी स्कूटी से घुनघुट्टा डेम पहुंचा था।
वहां मौजूद मछुआरों और कर्मचारियों के अनुसार, युवक ने अचानक डेम में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलने के बाद दरिमा पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि शाम होने और अंधेरा बढ़ने के कारण तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका। शुक्रवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने डेम में तलाश अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद दोपहर करीब एक बजे युवक का शव बरामद किया गया।
इंस्टाग्राम स्टेटस की हो रही चर्चा
घटना के बाद रीतिक के दोस्तों और परिचितों ने उसके सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की। इस दौरान सामने आया कि डेम जाने से कुछ समय पहले उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म आशिकी-2 से जुड़ा एक स्टेटस लगाया था। दोस्तों के अनुसार, फिल्म में भी एक दृश्य में मुख्य किरदार पानी में छलांग लगाता है। हालांकि रीतिक के लगाए गए स्टेटस और उसकी मौत के बीच कोई सीधा संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर सभी पहलुओं को खंगाल रही है।पिता की मौत के बाद मां कर रही थी पालन-पोषण
रीतिक के पिता लक्ष्मण साहू की कई साल पहले मैनपाट क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद उसकी मां अपने मायके बिलासपुर चौक आकर रहने लगीं और मेहनत कर अपने दोनों बच्चों की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। रीतिक परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन भी है। परिजनों के मुताबिक, वह पढ़ाई में अच्छा था और हाल ही में उसने एक निजी स्कूल से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद कॉलेज में प्रवेश लिया था। इकलौते बेटे की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। परिजन यह समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर ऐसी कौन सी वजह रही जिसके कारण यह घटना हुई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
