Student Harassment: गैंदाटोला स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में छात्राओं के साथ छेड़खानी और आपत्तिजनक व्यवहार के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शिक्षक तिलक यदु के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में रमीज कुरैशी को भी सह-आरोपित बनाया गया है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
बताया जा रहा है कि एक आदिवासी छात्रा की शिकायत सामने आने के बाद मामले को दबाने और समझौता कराने की कोशिशें कई दिनों तक चलती रहीं। आरोप है कि शिक्षक ने कुछ प्रभावशाली लोगों और थाना स्टाफ के माध्यम से छात्रा से माफी मांगकर भविष्य में ऐसी हरकत नहीं करने का भरोसा दिलाया। हालांकि, छात्रा अपनी शिकायत पर कायम रही और कार्रवाई की मांग करती रही। इसके बाद शुक्रवार देर रात पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की।
परीक्षा में पास कराने का झांसा देने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, तिलक यदु पिछले कई वर्षों से इसी स्कूल में शिक्षक के रूप में पदस्थ है और हिंदी तथा सामाजिक विज्ञान विषय पढ़ाता है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि करीब तीन वर्ष पहले, जब छात्रा कक्षा नौवीं में पढ़ती थी, तब भी उसे रमीज कुरैशी के जरिए परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर संबंध बनाने की बात कही गई थी। शिकायत में इंटरनेट मीडिया के माध्यम से भी इस तरह के संदेश भेजे जाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।महिलाओं ने छात्रा के साथ पहुंचकर की शिकायत
स्थानीय स्तर पर जानकारी सामने आने के बाद कुछ महिलाओं ने छात्रा का साथ दिया और मामले को पुलिस तक पहुंचाने का निर्णय लिया। एक सितंबर को गैंदाटोला थाने में शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत भी दी गई थी। आरोप है कि शिकायत की जानकारी शिक्षक को मिलने के बाद छात्रा और उसे थाने लेकर पहुंची महिलाओं पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया। मामले को लेकर कुछ स्थानीय प्रभावशाली लोगों और पुलिसकर्मियों द्वारा समझौते की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
एएसपी से मुलाकात के बाद दर्ज हुई एफआईआर
शुक्रवार को महिलाएं छात्रा को लेकर जिला मुख्यालय पहुंचीं और एएसपी कीर्तन राठौर से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज किया। पुलिस के अनुसार, मामले में तिलक यदु के साथ रमीज कुरैशी को भी सह-आरोपित बनाया गया है। रमीज गैंदाटोला के पूर्व सरपंच खलील अहमद कुरैशी का बेटा बताया जा रहा है। पुलिस ने छात्रा की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। मुख्य आरोपित शिक्षक तिलक यदु को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि सह-आरोपित रमीज कुरैशी फिलहाल फरार है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपित की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में सामने आए आरोपों की जांच जारी है।

