Surguja News: बतौली थाना क्षेत्र के मानपुर इलाके में एक नाबालिग छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। बस्ती से लगे एक कुएं में 17 वर्षीय छात्रा की लाश मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतका 12वीं कक्षा की छात्रा बताई जा रही है। उसका शव कुएं में मुंह के बल पड़ा हुआ मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्रा कृष्ण जन्माष्टमी के विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह घर वापस नहीं लौटी, जिसके बाद परिजन उसकी तलाश में जुट गए थे। काफी खोजबीन के बाद बस्ती के पास स्थित कुएं में उसकी लाश मिलने की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम पहुंची मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही बतौली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल के साथ साइबर फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से जुड़े साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।मौत की वजह का पता लगाने में जुटी पुलिस
फिलहाल छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

