The Paradise OTT: तेलुगु अभिनेता नानी की फिल्म द पैराडाइज अब OTT पर रिलीज होने जा रही है। सिनेमाघरों में रिलीज के बाद फिल्म की डिजिटल स्ट्रीमिंग का इंतजार कर रहे दर्शक इसे जल्द ही घर बैठे देख सकेंगे। Netflix ने फिल्म की OTT रिलीज डेट घोषित कर दी है। खास बात यह है कि फिल्म तेलुगु के अलावा हिंदी समेत पांच भाषाओं में उपलब्ध होगी। श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी ‘द पैराडाइज’ 24 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में नानी के साथ मोहन बाबू, कयादु लोहार, सोनाली कुलकर्णी और राघव जुयाल अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। फिल्म में जबरदस्त एक्शन के साथ सामाजिक भेदभाव, शोषण और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष की कहानी दिखाई गई है।
कब और कहां देखें ?
नानी की फिल्म द पैराडाइज 22 अक्टूबर 2026 से Netflix पर स्ट्रीम होगी। दर्शक इसे तेलुगु के साथ हिंदी, तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषा में भी देख सकेंगे। हिंदी डबिंग की सुविधा मिलने से तेलुगु भाषा नहीं समझने वाले दर्शक भी फिल्म का आनंद ले पाएंगे। फिल्म की कहानी और नानी के बदले हुए लुक को लेकर पहले से ही चर्चा रही है। अब OTT रिलीज के बाद उन दर्शकों को भी इसे देखने का मौका मिलेगा, जो सिनेमाघरों में फिल्म नहीं देख पाए थे।
क्या है ‘द पैराडाइज’ की कहानी ?
फिल्म की कहानी 1980 के दशक के सिकंदराबाद की पृष्ठभूमि पर आधारित है। यहां ‘पैराडाइज’ नाम की बस्ती में रहने वाला सवारी समुदाय जातिगत भेदभाव और शोषण का सामना करता है। समुदाय के लोगों की जिंदगी पर ताकतवर मलिक का धाक है, जिसका किरदार मोहन बाबू ने निभाया है। नानी फिल्म में जदल की भूमिका में हैं। बचपन में प्रताड़ना झेलने के बाद जदल जेल पहुंच जाता है। उसकी मां शमाक्का का किरदार सोनाली कुलकर्णी ने निभाया है। शमाक्का को भी कठिन परिस्थितियों और अपमान का सामना करना पड़ता है। मां के प्रति नाराजगी लेकर जी रहा जदल जब वर्षों बाद जेल से बाहर आता है, तो उसकी जिंदगी में एक नया मोड़ आता है।मां के अपमान से भड़कता है जदल का गुस्सा
जेल से रिहा होने के बाद जदल अपनी मां का सबके सामने होते हुए अपना अपमान देखता है। यह घटना उसके भीतर दबे गुस्से को भड़का देती है और वह बदला लेने का फैसला लेता है। इसी दौरान उसकी जिंदगी में एक लड़की की एंट्री होती है, जिसका किरदार कयादु लोहार ने निभाया है। जदल अपने दुश्मनों से हिसाब चुकता करने के लिए मलिक के बेटे विक्रम को मार देता है। विक्रम की भूमिका राघव जुयाल ने निभाई है। इसके बाद मलिक और जदल के बीच टकराव और बढ़ जाता है। मलिक सवारी समुदाय को कुचलने की ठान लेता है, जिससे संघर्ष केवल दो लोगों के बीच की लड़ाई नहीं रह जाता।
निजी बदले से शुरू होती है हक और सम्मान की लड़ाई
फिल्म में जदल का संघर्ष शुरुआत में निजी बदले से जुड़ा दिखाई देता है, लेकिन धीरे-धीरे यह पूरे समुदाय के अधिकारों की लड़ाई में बदल जाता है। वह अपने लोगों को शोषण से बाहर निकालने और उन्हें पहचान व सम्मान दिलाने के लिए खड़ा होता है। ‘द पैराडाइज’ में एक्शन के साथ सामाजिक असमानता, अन्याय और प्रतिरोध जैसे विषयों को भी जगह दी गई है। फिल्म में नानी के एक्शन अवतार और उनके शारीरिक बदलाव की चर्चा हुई, जबकि दर्शकों की प्रतिक्रिया मिली-जुली रही।दो बार टली थी फिल्म की रिलीज
‘द पैराडाइज’ की रिलीज डेट पहले भी दो बार बदली गई थी। फिल्म को शुरुआत में 26 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में उतारने की योजना थी। इसके बाद रिलीज की तारीख बढ़ाकर 21 अगस्त 2026 की गई। हालांकि, पोस्ट-प्रोडक्शन का काम पूरा नहीं होने के कारण निर्माताओं ने इसे एक बार फिर आगे बढ़ा दिया। फिल्म आखिरकार 24 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। रिपोर्टों के मुताबिक, शूटिंग के कुछ हिस्सों के साथ CGI और VFX का काम भी बाकी था। इसी वजह से फिल्म के प्रचार और ट्रेलर रिलीज की योजना पर भी असर पड़ा। अब सिनेमाघरों के बाद ‘द पैराडाइज’ Netflix पर दस्तक देने जा रही है। 22 अक्टूबर से हिंदी सहित पांच भाषाओं में इसकी स्ट्रीमिंग शुरू होने के साथ दर्शक घर बैठे नानी की इस पीरियड-एक्शन फिल्म को देख सकेंगे।







