Jailer 2 Movie Update: सुपरस्टार रजनीकांत की बहुप्रतिक्षित फिल्म 'जेलर 2' को लेकर सिनेमा गलियारों में जबरदस्त हलचल मची हुई है। अगर आप भी थलाइवर यानी रजनीकांत को अपनी आंखों के सामने देखने या उनके दमदार भाषण का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, तो आपके लिए एक थोड़ा अलग लेकिन मजेदार अपडेट सामने आया है। मेकर्स ने इस बार पारंपरिक ऑडियो लॉन्च इवेंट न करने का फैसला किया है। इसकी बजाय, फिल्म की टीम ने फैंस के लिए कुछ नया और हटके प्लान किया है।
ओटीटी पर होगा ग्रैंड प्री-रिलीज इवेंट 'सुपर शो'
मेकर्स ने साफ कर दिया है कि इस बार कोई बड़ा ऑन-ग्राउंड ऑडियो लॉन्च नहीं होगा, बल्कि इसकी जगह एक खास डिजिटल प्री-रिलीज इवेंट लाया जा रहा है। प्रोडक्शन हाउस 'सन पिक्चर्स' ने घोषणा की है कि वे फिल्म की पूरी स्टार कास्ट के साथ एक 'सुपर शो' लेकर आ रहे हैं, जिसे दर्शक घर बैठे सीधे ओटीटी पर एन्जॉय कर पाएंगे।
- कब और कहां देखें: यह ग्रैंड प्री-रिलीज इवेंट 9 अक्टूबर से पॉपुलर ओटीटी प्लेटफॉर्म सन एनएक्सटी (Sun NXT) पर स्ट्रीम किया जाएगा।
- कौन-कौन आएगा नजर: हाल ही में रिलीज हुए छोटे से प्रोमोशनल वीडियो में खुद सुपरस्टार रजनीकांत के साथ-साथ निर्माता कलानिधि मारन, डायरेक्टर नेल्सन दिलीपकुमार, संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर, और एसजे सूर्या, विद्या बालन, राम्या कृष्णन जैसे तमाम कलाकार शूटिंग करते हुए दिखाई दिए हैं। इस खबर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। एक फैन ने खुशी जताते हुए लिखा, आखिरकार थलाइवर का भाषण सुनने को मिलेगा, जिसका हमें बेसब्री से इंतजार था।
कितनी लंबी होगी जेलर 2, सामने आया रनटाइम
फिल्म की रिलीज से पहले सेंसर बोर्ड से जुड़ी बड़ी जानकारी भी बाहर आ गई है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने इस एक्शन-ड्रामा फिल्म को U/A 16+ सर्टिफिकेट दे दिया है। फिल्म के रनटाइम की बात करें तो यह 165 मिनट और 18 सेकंड (यानी करीब 2 घंटे 45 मिनट) लंबी होगी। दिलचस्प बात यह है कि यह अपनी पिछली ब्लॉकबस्टर फिल्म 'जेलर' (जो करीब 168 मिनट की थी) से महज तीन मिनट ही छोटी है।स्टार कास्ट और कैमियो का लगेगा जबरदस्त तड़का
नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी और कलानिधि मारन द्वारा प्रोड्यूस यह फिल्म 2023 की ब्लॉकबस्टर 'जेलर' का सीक्वल है।
- मुख्य कलाकार: फिल्म में रजनीकांत, राम्या कृष्णन, योगी बाबू और मिर्ना एक बार फिर अपने पुराने अंदाज में नजर आएंगे। साथ ही, एसजे सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती, सूरज वेंजारामूडु, विद्या बालन और जतिन सरना जैसी नई स्टार कास्ट भी इस बार फिल्म का हिस्सा है।
- खास कैमियो: पहली फिल्म की तरह इस बार भी बड़े सितारों का जादू देखने को मिलेगा। मोहनलाल, शिवा राजकुमार और जैकी श्रॉफ इस सीक्वल में अपने दमदार कैमियो रोल में वापसी कर रहे हैं।







