राजधानी रायपुर में सराफा दुकान को निशाना बनाकर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। कचना बाजार चौक स्थित शिव ज्वेलर्स में देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। आरोपियों ने कटर मशीन से दुकान का शटर और ताला काटा और भीतर रखे सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दुकान से करीब 35 तोला सोना और एक किलो से अधिक चांदी के जेवर चोरी हुए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद खम्हारडीह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
कटर से काटा शटर और ताला
बताया जा रहा है कि चोरों ने रात के समय वारदात को अंजाम दिया। दुकान के बाहर लगे शटर और ताले को कटर मशीन से काटने के बाद वे अंदर दाखिल हुए। इसके बाद दुकान में रखे आभूषणों को समेटकर मौके से निकल गए। सुबह दुकान संचालक के पहुंचने पर चोरी का खुलासा हुआ। दुकान की स्थिति देखकर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। प्रारंभिक जांच में करीब 35 तोला सोने के आभूषण और एक किलो से अधिक चांदी के जेवर गायब मिले हैं। चोरी हुए सामान की वास्तविक कीमत अभी स्पष्ट नहीं हुई है। दुकान संचालक द्वारा स्टॉक का मिलान किया जा रहा है।CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश
मिलान पूरा होने के बाद चोरी गए आभूषणों और कुल नुकसान का सही आंकड़ा सामने आने की उम्मीद है। सूचना मिलते ही खम्हारडीह पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। फुटेज के जरिए आरोपियों की गतिविधियों और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।