हवाला चैनल के जरिए एक करोड़ रुपए से अधिक की रिश्वत के लेनदेन से जुड़ा ऑडियो सामने आने के बाद सरगुजा पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। मामले में अंबिकापुर के सीएसपी समेत तीन पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। प्रकरण सामने आने के बाद सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा ने साइबर थाना सरगुजा में पदस्थ एक एएसआई और आरक्षक को उनके वर्तमान कार्य से हटाकर लाइन अटैच कर दिया है। मामला अब अदालत तक पहुंच चुका है।
दिल्ली की राउज एवेन्यू स्थित विशेष सीबीआई अदालत ने शिकायत पर सुनवाई करते हुए डीजीपी से पूरे प्रकरण की तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है। साथ ही सीबीआई को भी शिकायत पर अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी अदालत के समक्ष रखने को कहा गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अंबिकापुर में पदस्थ आईपीएस अधिकारी राहुल बंसल ने साइबर थाना सरगुजा में पदस्थ एएसआई और आरक्षक के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा।
वायरल ऑडियो में आईपीएस अधिकारी का नाम आने का दावा
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी षड्यंत्र के तहत हवाला चैनल के माध्यम से एक करोड़ रुपए से अधिक की रिश्वत मांगी गई और रकम स्वीकार भी की गई। लेनदेन से जुड़ी ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आया। दावा किया जा रहा है कि वायरल ऑडियो में आईपीएस अधिकारी राहुल बंसल का नाम भी लिया गया है। हालांकि, पुलिस विभाग ने अभी तक न तो ऑडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि की है और न ही रिकॉर्डिंग में हुई बातचीत को सत्यापित किया है। ऐसे में ऑडियो और उससे जुड़े दावों की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 7ए के साथ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 308 और 351 के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।एफआईआर दर्ज करने की मांग
शिकायत के समर्थन में शपथपत्र भी प्रस्तुत किया गया है। अदालत की ओर से डीजीपी से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगे जाने के बाद अब पुलिस विभाग की जांच और रिपोर्ट पर भी नजर बनी हुई है। वहीं, सीबीआई से भी यह बताने को कहा गया है कि शिकायत मिलने के बाद अब तक उसके स्तर पर क्या कार्रवाई की गई है। आईजी दीपक झा के मुताबिक साइबर थाने में पहले से फ्रॉड का एक मामला दर्ज है। इस मामले में अलग-अलग राज्यों से अब तक 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और प्रकरण की विवेचना अभी जारी है। इसी साइबर फ्रॉड मामले की जांच से जुड़े सीएसपी और अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ सीबीआई कोर्ट में शिकायत की गई है। आईजी ने बताया कि सीएसपी और अन्य पुलिसकर्मियों पर लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। इसके साथ ही वायरल ऑडियो रिकॉर्डिंग की सत्यता की भी पड़ताल चल रही है।