स्वतंत्रता दिवस से पहले बिलासपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए गुरुवार को तोरवा थाना पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त जांच अभियान चलाया। इस दौरान साउथ बिहार एक्सप्रेस में यात्रियों के सामान की तलाशी के दौरान धारदार हथियार मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है। 15 अगस्त को देखते हुए पुलिस शहर के प्रमुख और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रख रही है। इसी के तहत बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म और यहां से गुजरने वाली ट्रेनों में जांच की गई। पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने यात्रियों के सामान की भी तलाशी ली। साउथ बिहार एक्सप्रेस में जांच के दौरान टीम को धारदार हथियार मिले। हथियार मिलने के बाद रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में निगरानी और बढ़ा दी गई है।
देवघर से हथियार लाए जाने की मिली थी सूचना
संदिग्ध यात्रियों और उनके सामान की विशेष रूप से जांच की जा रही है। पुलिस को पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि बाबा धाम, देवघर से धारदार चाकू और अन्य हथियार बिलासपुर लाए जा रहे हैं। आशंका थी कि इनका इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों में किया जा सकता है। इसी सूचना के आधार पर रेलवे मार्ग पर जांच तेज की गई। हालांकि पुलिस की ओर से जारी जानकारी में अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कितने हथियार बरामद हुए हैं और वे किसके सामान से मिले। हथियारों के प्रकार और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर भी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। सुरक्षा जांच केवल रेलवे स्टेशन तक सीमित नहीं रखी गई है।
संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की नजर
प्लेटफॉर्म, ट्रेनों, बस स्टैंड और शहर के अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी पुलिस निगरानी कर रही है। संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर संबंधित व्यक्ति से पूछताछ के साथ उसके सामान की जांच की जा रही है। रेलवे स्टेशन पर स्थानीय पुलिस के साथ जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम तैनात है। स्वतंत्रता दिवस के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस के लिए धारदार हथियारों की अवैध आवाजाही चिंता का विषय है।आगे भी जारी रहेगा जांच
ऐसे हथियार अपराधियों तक पहुंचने पर हमला, लूट और दूसरी हिंसक वारदातों में इस्तेमाल किए जा सकते हैं। इसे देखते हुए रेलवे के जरिए हथियार लाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। अभियान बिलासपुर पुलिस के अनुसार स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा। रेलवे स्टेशन, ट्रेन, बस स्टैंड और शहर के प्रमुख स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के साथ लगातार निगरानी की जाएगी।