Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी के मामले में नया मोड़ सामने आया है, मुंबई की एक विशेष अदालत ने आरोपियों में से एक को घटना के समय नाबालिग माना है। अदालत ने उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए मामला जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (JJB) को सौंपने का निर्देश दिया है। वहीं, मुंबई पुलिस ने अनिल पंडित के भाई अभिषेक शर्मा के खिलाफ गैर-जमानती वारंट हासिल किया है। जांचकर्ताओं को शक है कि उसने हमले में शामिल लोगों तक पैसे पहुंचाने में भूमिका निभाई थी। इन घटनाक्रमों से 18 अक्टूबर को हुई गोलीबारी की जांच में नया मोड़ आ गया है।
विशेष अदालत ने 25 नवंबर को सुनाया फैसला
'द इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के मुताबिक, महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) की विशेष अदालत ने बुधवार, 25 नवंबर को नाबालिग आरोपी की उम्र को लेकर अपना आदेश सुनाया। आरोपी ने इसी महीने की शुरुआत में अदालत में आवेदन देकर अपनी उम्र की पुष्टि करने की मांग की थी। उसके वकील सिद्धांत मोर और दिव्यम गौर ने इसके समर्थन में हरियाणा से जारी जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड पेश किए थे।
जन्म प्रमाण पत्र और सरकारी रिकॉर्ड से हुई उम्र की पुष्टि
अदालत में पेश किए गए दोनों दस्तावेजों में आरोपी की जन्मतिथि 30 नवंबर 2008 दर्ज थी। इसके आधार पर 18 अक्टूबर 2026 को हुई गोलीबारी के समय उसकी उम्र करीब 17 साल 10 महीने थी। आरोपी की उम्र को लेकर अदालत ने मुंबई पुलिस को स्वतंत्र रूप से जांच करने का निर्देश दिया था। इसके बाद पुलिस की एक टीम उसके गृह नगर पहुंची।
टाइगर श्रॉफ फायरिंग की तारीख
टाइगर श्रॉफ पर 18 अक्टूबर 2026 (रविवार) की शाम करीब 7 बजे मुंबई के जुहू इलाके में फायरिंग हुई थी। वह फुटबॉल खेलकर अपनी कार से लौट रहे थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उनकी कार पर गोलियां चलाई थीं।
अनिल पंडित के भाई अभिषेक शर्मा के खिलाफ गैर-जमानती वारंट
नाबालिग आरोपी को लेकर अदालत का फैसला आने के बाद भी पुलिस की जांच जारी है। इस बीच मुंबई पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित के भाई अभिषेक शर्मा के खिलाफ गैर-जमानती वारंट हासिल किया है। अनिल पंडित ने ही टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। जांचकर्ताओं को संदेह है कि अभिषेक शर्मा ने उन क्रिप्टोकरेंसी खातों को संभालने में भूमिका निभाई, जिनके जरिए गोलीबारी से जुड़े लोगों तक पैसे पहुंचाए गए।अभिषेक शर्मा की पत्नी सुनेहा से भी हुई पूछताछ
इस मामले की जांच अब अभिषेक शर्मा की पत्नी सुनेहा तक पहुंच गई है। पुलिस के आरोपों के मुताबिक, गोलीबारी से जुड़े वित्तीय लेन-देन में उनके माध्यम से भी पैसे पहुंचाए गए थे। बताया जा रहा है कि पिछले सप्ताह सुनेहा ने जांच अधिकारियों के सामने अपना बयान दर्ज कराया था। उनका बयान सीलबंद लिफाफे में अदालत के समक्ष पेश किया गया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पैसे किन माध्यमों से भेजे गए और उनका इस्तेमाल हमले में शामिल संदिग्धों तक रकम पहुंचाने के लिए कैसे किया गया।
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में अब तक 13 गिरफ्तारियां
टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की यह घटना 18 अक्टूबर 2026 को मुंबई के जुहू इलाके में हुई थी। जानकारी के मुताबिक, अभिनेता रविवार शाम पुष्पा नर्सी पार्क के बाहर अपनी कार में सवार थे। फुटबॉल मैच के बाद जब वह मैदान से बाहर निकल रहे थे, तभी मोटरसाइकिल पर आए तीन हमलावरों ने उनकी कार पर पांच गोलियां चलाईं।












