अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। PET स्कोर के आधार पर ही उत्तर प्रदेश की कई बड़ी सरकारी भर्तियों में उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाता है। अगर कोई उम्मीदवार पहली बार यूपी पीईटी 2026 के लिए आवेदन कर रहा है, तो उसे रजिस्ट्रेशन से पहले सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखने होंगे। उत्तर प्रदेश के मूल निवासी उम्मीदवारों को निवास प्रमाण पत्र भी देना होगा। आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए जरूरी दस्तावेजों और रजिस्ट्रेशन के स्टेप्स की जानकारी यहां दी गई है।
कौन कर सकता है आवेदन
प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (Preliminary Eligibility Test 2026) में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से हाईस्कूल (10वीं) या इसके समकक्ष परीक्षा पास होना जरूरी है। यदि उम्मीदवार 12वीं, ग्रेजुएशन या पोस्ट ग्रेजुएशन कर चुका है, तो वह इसकी जानकारी भी आवेदन फॉर्म में दर्ज कर सकता है। उम्मीदवार की उम्र 1 जुलाई 2026 को कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए और अधिकतम आयु 40 वर्ष से कम होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी। वहीं, जिन उम्मीदवारों ने साल 2025 में PET परीक्षा दी थी, वे भी 2026 के लिए आवेदन कर सकते हैं।
जरूरी दस्तावेजों की पूरी लिस्ट
- 6 महीने के अंदर की पासपोर्ट साइज कलर फोटो
- आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे फोटो पहचान पत्र
- हाईस्कूल (10वीं) की मार्कशीट अनिवार्य
- 12वीं की मार्कशीट (यदि जानकारी देना चाहते हैं)
- ग्रेजुएशन की मार्कशीट (यदि लागू हो)
- जाति प्रमाण पत्र (SC/ST/OBC उम्मीदवारों के लिए)
- EWS प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
- PwBD प्रमाण पत्र (दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए)
- उत्तर प्रदेश का मूल निवास प्रमाण पत्र (यदि उम्मीदवार यूपी का निवासी है)
OTR रजिस्ट्रेशन कैसे करें
PET आवेदन के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले OTR यानी वन टाइम रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके लिए साइबर कैफे जाने की जरूरत नहीं है। उम्मीदवार मोबाइल या लैपटॉप से खुद भी आवेदन कर सकते हैं। सबसे पहले UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर Applicant Segment में जाकर OTR रजिस्ट्रेशन के लिंक पर क्लिक करें।
यदि आप पहली बार PET आवेदन कर रहे हैं तो नया रजिस्ट्रेशन करें।वहीं, अगर आपने 2025 में PET परीक्षा दी थी तो संबंधित विकल्प को चुनकर आगे बढ़ें। इसके बाद मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दर्ज कर OTP के जरिए वेरिफिकेशन करें। फिर अपना नाम, लिंग, निवास राज्य, गृह जिला और 10वीं की शैक्षणिक जानकारी जैसे बोर्ड, पासिंग वर्ष, रोल नंबर, अंक और प्रतिशत दर्ज करें।
नहीं करना होगा नया OTR
प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवार को OTR नंबर मिलेगा, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी है। जिन उम्मीदवारों ने साल 2025 में PET परीक्षा दी थी, उन्हें दोबारा पूरी जानकारी भरने की जरूरत नहीं होगी। उन्हें सिर्फ अपनी पुरानी रजिस्ट्रेशन डिटेल्स और OTP वेरिफिकेशन करना होगा। उनकी अधिकतर जानकारी सिस्टम से अपने आप प्राप्त हो जाएगी।OTR के बाद आवेदन प्रक्रिया
OTR पूरा होने के बाद उम्मीदवार अपने रजिस्ट्रेशन नंबर से लॉगिन करें। इसके बाद पिता का नाम, माता का नाम, यूपी डोमिसाइल, कैटेगरी और अन्य व्यक्तिगत जानकारी भरें। इसके बाद 10वीं, 12वीं, ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन की जानकारी दर्ज करें। उम्मीदवारों को फोटो और हस्ताक्षर वही साइज में अपलोड करने होंगे, जो OTR के दौरान इस्तेमाल किए गए थे।
सभी दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन शुल्क जमा करें और फॉर्म का प्रिंट आउट निकालकर सुरक्षित रखें। यदि उम्मीदवार से OTR या आवेदन फॉर्म भरते समय कोई गलती हो जाती है, तो वह अंतिम तिथि 1 सितंबर के बाद 8 सितंबर तक उसमें सुधार कर सकता है। इसलिए उम्मीदवार आवेदन जमा करने से पहले सभी जानकारी ध्यानपूर्वक जांच लें।