US Military Drone: अमेरिकी डिफेंस टेक्नोलॉजी कंपनी वेक्टर ने आधुनिक युद्ध की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अपना नया वॉरफाइटर स्टैक (Warfighter Stack) पेश किया है। यह एक एकीकृत वन-वे अटैक ड्रोन सिस्टम है, जिसमें मेस क्वाडकॉप्टर ड्रोन, इलेक्ट्रॉनिक आर्मिंग डिवाइस और विशेष कंट्रोलर को शामिल किया गया है। कंपनी का दावा है कि इस सिस्टम को आसान संचालन और बड़े पैमाने पर उत्पादन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
ड्रोन डोमिनेंस प्रोग्राम से मिला अनुभव
वॉरफाइटर स्टैक को विकसित करने में अमेरिकी रक्षा विभाग के ड्रोन डोमिनेंस प्रोग्राम से मिले अनुभव की अहम भूमिका रही है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिस्पर्धा के माध्यम से अमेरिका के घरेलू कमर्शियल ड्रोन उद्योग को मजबूत करना और बेहतर तकनीक विकसित करने वाली कंपनियों को प्रोत्साहित करना है। पेंटागन इस पहल के जरिए बेहतर प्रदर्शन करने वाले ड्रोन निर्माताओं का चयन करता है और जरूरत के मुताबिक उनसे खरीदारी भी करता है। वेक्टर ने प्रतियोगिता के हालिया चरण में क्लोज-क्वार्टर्स बैटल श्रेणी में चौथा स्थान हासिल किया था। इसके बाद अमेरिकी सरकार ने कंपनी को 5000 ड्रोन का ऑर्डर दिया।
तीन प्रमुख उपकरणों से मिलकर बना है सिस्टम
कंपनी के मुताबिक, वॉरफाइटर स्टैक में तीन प्रमुख उपकरण शामिल हैं। इनमें मेस क्वाडकॉप्टर ड्रोन, हाई-वोल्टेज इलेक्ट्रॉनिक सेफ एंड आर्म डिवाइस (HV-ESAD) और हिल्ट हैंड कंट्रोलर शामिल हैं। इन तीनों को एक ही ऑपरेशनल सिस्टम के तहत काम करने के लिए तैयार किया गया है। मेस को कॉम्पैक्ट आकार वाला और कम लागत में तैयार होने वाला ड्रोन बताया गया है। इसे ऐसे सीमित और जटिल वातावरण में संचालन के लिए विकसित किया गया है, जहां पारंपरिक उपकरणों का इस्तेमाल चुनौतीपूर्ण हो सकता है। कंपनी के अनुसार, इसमें लो-लाइट और थर्मल कैमरे दिए गए हैं।कंट्रोल और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम पर भी जोर
वॉरफाइटर स्टैक का दूसरा प्रमुख हिस्सा HV-ESAD है। वेक्टर के मुताबिक, यह एक मॉड्यूलर इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस है, जिसे अलग-अलग ड्रोन प्लेटफॉर्म और हथियार प्रणालियों के साथ एकीकृत करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। कंपनी ने बताया कि ड्रोन डोमिनेंस प्रोग्राम के लिए भी इस तकनीक का चयन किया गया था। वहीं, हिल्ट हैंड कंट्रोलर को सैन्य उपयोग की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया गया है। इसका डिजाइन इस तरह रखा गया है कि सैनिक दस्ताने पहनकर और अन्य सैन्य उपकरणों के साथ भी इसका इस्तेमाल कर सकें। कंपनी के CEO एंडी याकुलिस के मुताबिक, कंट्रोलर को मजबूत और जरूरत के अनुसार बदले जा सकने वाले इंटरफेस के रूप में विकसित किया गया है।
बड़े पैमाने पर उत्पादन की तैयारी
वेक्टर ने वॉरफाइटर स्टैक को केवल तकनीकी प्रदर्शन तक सीमित नहीं रखा है, बल्कि इसके डिजाइन में बड़े स्तर पर उत्पादन की क्षमता को भी प्राथमिकता दी है। कंपनी का कहना है कि इसकी निर्माण व्यवस्था हजारों यूनिट के ऑर्डर पूरे करने में सक्षम है। हालांकि, कंपनी ने इस नए सिस्टम से जुड़े संभावित कॉन्ट्रैक्ट, उत्पादन शुरू होने की तारीख और डिलीवरी की समयसीमा को लेकर फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।












