खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) जिले के ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 50 लाख 70 हजार रुपए के विकास कार्यों को मंजूरी मिली है। मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के तहत स्वीकृत इन कार्यों में विभिन्न गांवों में सामुदायिक भवन और सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह के प्रयासों से छुईखदान और खैरागढ़ जनपद क्षेत्र के कई गांवों को इन विकास कार्यों की स्वीकृति मिली है। इससे ग्रामीणों को सड़क और सामुदायिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
तीन गांवों में बनेंगे सामुदायिक भवन
छुईखदान विकासखंड के ग्राम पंचायत गोकना, दनिया और भोरमपुर में सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन बनाए जाएंगे। प्रत्येक भवन के निर्माण के लिए 6 लाख 50 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। सामुदायिक भवन बनने से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक और अन्य सार्वजनिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
कई गांवों में सीसी रोड को मंजूरी
योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सीसी रोड निर्माण को भी स्वीकृति मिली है। जगमड़वा के आश्रित ग्राम रैमड़वा में 5.20 लाख रुपए और बरबसपुर के आश्रित ग्राम नेवासपुर में 2.60 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड बनाया जाएगा। इसके अलावा लक्ष्मणपुर में 2.60 लाख, उदान के आश्रित ग्राम तेंदुभाठा में 2.60 लाख और उरतुली के आश्रित ग्राम भेंडरा में 2.60 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड निर्माण की मंजूरी मिली है। खैरागढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत अतरिया के वार्ड क्रमांक-11 में भी 5.20 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड बनाया जाएगा।
विक्रांत सिंह ने जताया आभार
विकास कार्यों की स्वीकृति मिलने पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा, सांसद संतोष पांडे और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका ताम्रकार का आभार जताया।
विक्रांत सिंह ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। जिले में विकास कार्यों के लिए बजट और संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि गांवों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आगे भी विकास कार्यों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाया जाएगा।