Woman harassment case: धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ओंगना गांव में एक महिला के घर में घुसकर छेड़खानी और मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के सरपंच समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि विवाद के चलते आरोपियों ने महिला के घर में घुसकर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसी दौरान महिला के कपड़े खींचकर उसके साथ छेड़खानी भी की गई।
घटना का वीडियो बनाने का भी आरोप
मामले में एक और गंभीर बात सामने आई है। आरोपियों पर घटना का वीडियो मोबाइल फोन से रिकॉर्ड करने का भी आरोप है। शिकायत मिलने के बाद जोबी चौकी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल और वीडियो रिकॉर्ड करने वाला मोबाइल फोन भी जब्त किया है।अभियान ‘संवेदना’ के तहत कार्रवाई
महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘संवेदना’ के तहत पुलिस ने मामले में तेजी दिखाई। रायगढ़ एसएसपी के निर्देशन में जोबी चौकी की टीम ने शिकायत मिलते ही आरोपियों की तलाश शुरू की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। घटना के बाद ओंगना गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस की मौजूदगी के चलते स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

