मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में नया रायपुर-लखौली अपलाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। घटना 13 अगस्त की रात करीब 8:42 बजे किलोमीटर क्रमांक 22/17 से 22/19 के बीच हुई। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सहायक स्टेशन प्रबंधक मंदिर हसौद ने पुलिस को लिखित सूचना दी। इसके आधार पर मंदिर हसौद पुलिस ने मर्ग क्रमांक 73/26 दर्ज कर धारा 194 बीएनएसएस के तहत पंचनामा और अन्य जरूरी कार्रवाई शुरू की है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष है।
पहचान के लिए पुलिस ने लोगों से मांगी मदद
युवक ने नीले-सफेद रंग की चेकदार फुल शर्ट और काले रंग की फुल पैंट पहन रखी थी। उसका रंग गेहुआं, चेहरा लंबा और बाल काले हैं। युवक की हल्की दाढ़ी-मूंछ भी बताई गई है। इन हुलिया संबंधी जानकारियों के आधार पर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।मंदिर हसौद थाना प्रभारी ने आम लोगों से मृतक की पहचान में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को युवक के संबंध में कोई जानकारी हो या हुलिए के आधार पर उसकी पहचान हो सके तो तत्काल मंदिर हसौद थाना पुलिस को इसकी सूचना दें।