दुर्ग जिले में पुलिस ने पशु तस्करी के नेटवर्क पर प्रहार करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। धमधा थाना क्षेत्र के पेण्ड्री चौक के पास देर रात फिल्मी स्टाइल में घेराबंदी कर पुलिस ने एक बोलेरो पिकअप को दबोचा, जिसमें क्रूरता की सारी हदें पार कर 5 मवेशियों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। पुलिस ने इस मामले में मध्यप्रदेश के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 12 मई की रात धमधा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धमधा-गंडई मार्ग का उपयोग कर पशुओं की तस्करी की जा रही है। पुलिस टीम ने ग्राम पेण्ड्री चौक पर नाकेबंदी की। सुबह करीब 3 बजे एक संदिग्ध महिंद्रा बोलेरो मैक्स पिकअप आती दिखी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। सतर्क पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को सफलतापूर्वक रोक लिया।
पिकअप के अंदर का खौफनाक मंजर
जब पुलिस ने पिकअप (क्रमांक MH 35 AJ 4771) की तलाशी ली, तो दंग रह गई। वाहन के पीछे डाले में तिरपाल के नीचे 5 मवेशियों को पैर बांधकर बेहद क्रूर तरीके से ठूंसा गया था। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इन मवेशियों को बेमेतरा के बेरला क्षेत्र से लोड किया गया था और इन्हें मध्यप्रदेश के लांजी के रास्ते नागपुर के कत्लखाने पहुँचाने की तैयारी थी।कार्यवाही और कानूनी शिकंजापुलिस ने मौके से मुख्य आरोपी दुर्गेश घोरमारे (21 वर्ष), निवासी ग्राम चिचटोला (बालाघाट, म.प्र.) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया है:
- छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004: धारा 4, 6 और 10।
पशु क्रूरता अधिनियम: धारा 11।
जब्ती का विवरण:
महिंद्रा बोलेरो मैक्स पिकअप (MH 35 AJ 4771)
5 जीवित मवेशी (जिन्हें सुरक्षित स्थान पर भेजा गया)
तिरपाल एवं अन्य परिवहन सामग्री।
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। बॉर्डर इलाकों और मुख्य मार्गों पर गश्त बढ़ा दी गई है ताकि तस्करी के इन रास्तों को पूरी तरह बंद किया जा सके।
