पुलिस को चकमा देने गांजा तस्करो ने नई तरकीब अपनाते हुए तरबूज से लदे वाहन में तरबूज के नीचे गांजा को छिपाकर व एक पायलेटिंग वाहन के पीछे-पीछे गांजा की तस्करी कि जा रही थी। लेकिन पुलिस की मजबूत सूचना तंत्र के सामने तस्करो की दोनों युक्ति भी काम नहीं आई और पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए, गांजा तस्करी में संलिफ्त 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उक्त गांजा को संबलपुर (उड़ीसा) से चित्रकूट (उत्तरप्रदेश) ले जाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 क्विंटल 25 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
अवैध गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से एक पिकअप वाहन में अवैध गांजा लाया जा रहा है और उसके आगे-आगे एक कार पायलेटिंग कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53 स्थित रेहटीखोल के पास घेराबंदी कर जांच शुरू की। कुछ समय बाद संदिग्ध कार और उसके पीछे आ रही पिकअप वाहन को रोका गया। कार में चार व्यक्ति सवार थे, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इनके नाम सतीश गुप्ता पिता हरिशंकर गुप्ता(35), घनश्याम गुप्ता पिता रामलाल गुप्ता (35) दोनों निवासी चित्रकूट उप्र,सुरज गुप्ता पिता रमाकांत गुप्ता (24) और योगेश कुशवाहा पिता प्रकाश कुशवाहा (23) दोनों निवासी जिला बांदा उप्र बताए गए जो उत्तरप्रदेश के निवासी हैं। वहीं पिकअप वाहन में सवार चालक हरिबाबू वर्मा पिता नत्थू लाल वर्मा (40)और रामबाबू वर्मा गजराज वर्मा (48), दोनों निवासी नयागांव जिला सतना (मध्यप्रदेश) को भी गिरफ्तार किया गया।
उड़ीसा से चित्रकूट ले जा रहे थे गांजा
पिकअप वाहन की तलाशी लेने पर तरबूज के नीचे प्लास्टिक की बोरियों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह गांजा संबलपुर उड़ीसा से चित्रकूट उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गांजा के अलावा परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक ओडी 15 वी 4676, जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये है, तथा पायलेटिंग वाहन में प्रयुक्त हुंडई औरा कार क्रमांक यूपी 96 क्यू 3658, जिसकी कीमत लगभग 7 लाख रुपये है, को जब्त किया है। इसके साथ ही आरोपियों के पास से 6 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 70 हजार रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 1 करोड़ 25 लाख 20 हजार रुपये है। आरोपियों के विरुद्ध मादक द्रव्य एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम की धारा 20(बी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। यह संपूर्ण कार्रवाई एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
पुलिस कार्रवाई कैसे हुई:
- मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने NH-53 पर रेहटीखोल के पास घेराबंदी की
- संदिग्ध कार और पिकअप वाहन को रोककर जांच की गई
- तलाशी में तरबूज के नीचे प्लास्टिक बोरियों में छिपा गांजा मिला
बरामदगी और गिरफ्तारी:
- कुल 2 क्विंटल 25 किलो गांजा जब्त
- अनुमानित कीमत: ₹1.12 करोड़ से अधिक
- 6 आरोपियों को गिरफ्तार (उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के निवासी)
