महासमुंद जिले के
खल्लारी थाना क्षेत्र में जेसीबी चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां फरियादी ही खुद साजिश का मास्टरमाइंड निकला। पुलिस
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने बीमा कंपनी से अवैध लाभ लेने के लिए अपने ही वाहन
की चोरी की झूठी कहानी गढ़ी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर
भेज दिया है।

पहले दर्ज
कराई चोरी की रिपोर्ट
31 मार्च 2026 को वार्ड नंबर 23 सुभाष नगर निवासी गोविंद धीवर (35) ने थाना खल्लारी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी जेसीबी क्रमांक
CG
04 L 3422 (कीमत करीब 5 लाख रुपए) ग्राम तेलीबांधा स्थित दुलार फार्म हाउस के
सामने से 30-31 मार्च की रात के बीच अज्ञात चोर
चोरी कर ले गए। पुलिस ने इस पर
अपराध क्रमांक 38/2026 धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
बयान बदलने पर गहराया शक
जांच के
दौरान गोविंद धीवर के बयान बार-बार बदलते रहे, जिससे पुलिस को उस पर शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ
की,
जिसमें पूरा मामला खुलकर सामने आ गया।
बीमा क्लेम
के लिए रची साजिश
पूछताछ में
आरोपी ने बताया कि उसने जनवरी 2026 में अपनी जेसीबी
का बीमा कराया था। किस्त नहीं पटाने की नीयत से उसने फरवरी में ही जेसीबी को एजेंट
के माध्यम से 3 लाख रुपए में वन्द्रकुमार चंद्रा
को बेच दिया था। इसके बाद आरोपी ने
अपने परिचित पुष्पेंद्र चंद्राकर से दूसरी जेसीबी (CG 06 E 9834) 30 मार्च को किराये पर लेकर दुलार फार्म हाउस के सामने खड़ी
की और फिर खुद ही हटा दी। अगले दिन उसने उसी स्थान से जेसीबी चोरी होने की झूठी
रिपोर्ट दर्ज करा दी।
पुलिस ने
ऐसे खोला पूरा मामला
- पुलिस ने जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और बयान के आधार पर साजिश का पर्दाफाश किया।
- बेची गई असली जेसीबी को वन्द्रकुमार चंद्रा से जब्त किया गया
- दूसरी जेसीबी को पुष्पेंद्र चंद्राकर से बरामद किया गया
आरोपी गिरफ्तार, धोखाधड़ी का केस दर्ज
पूरे मामले में गोविंद धीवर के खिलाफ धारा 318(4), 217, 248(A) BNS के तहत अपराध क्रमांक 39/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस की
सख्त चेतावनी
खल्लारी
पुलिस ने साफ किया है कि झूठी रिपोर्ट दर्ज कर कानून को गुमराह करने वालों के खिलाफ
कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में फरियादी की झूठी रिपोर्ट को खारिज करते हुए
उसी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।
एक नजर में मामला
- फरियादी ने खुद की जेसीबी चोरी की झूठी रिपोर्ट लिखाई
- बीमा क्लेम के लिए पहले ही बेच दी थी गाड़ी
- दूसरी जेसीबी से रचा गया फर्जी घटनाक्रम
- पुलिस जांच में खुली साजिश
- आरोपी गिरफ्तार, दो जेसीबी जब्त
