छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजूर इलाके में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक माह की मासूम बच्ची की मौत हो जाने के बाद बड़ा हंगामा खड़ा हो गया। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर तोड़फोड़ की। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।
पूरा मामला पखांजूर थाना क्षेत्र के कापसी इलाके का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, तबीयत बिगड़ने पर एक माह की मासूम बच्ची को कापसी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि बीती रात बच्ची की हालत लगातार खराब हो रही थी और उन्होंने डॉक्टर से उसे बड़े अस्पताल में रेफर करने की मांग भी की थी।
डॉक्टर ने रेफर करने से किया था इनकार
परिजनों के मुताबिक डॉक्टर ने बच्ची की हालत सामान्य बताते हुए रेफर करने की जरूरत नहीं होने की बात कही और इलाज जारी रखा। लेकिन सुबह होते-होते बच्ची की मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ शुरू कर दी। अस्पताल के फर्नीचर और अन्य सामान को बाहर निकालकर सड़क पर फेंक दिया गया। कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।भारी पुलिस बल तैनात
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। पखांजूर थाना पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मामले को लेकर एसडीएम मनीष देव साहू ने बताया कि फिलहाल संबंधित निजी अस्पताल को बंद कराया जा रहा है। साथ ही सीएमएचओ को तत्काल जांच टीम गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
